मंगलवार को भाजपा खोलेगी वादों का पिटारा, जारी करेगी लोक कल्याण संकल्प पत्र

0
40

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी मंगलवार को विधानसभा चुनाव 2022 के लिए लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करेगी। गृहमंत्री अमित शाह सुबह 10.30 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले कार्यक्रम में लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। सत्ताधारी दल के घोषणा पत्र पर विपक्ष के साथ ही आम जनता की निगाहें टिकी हैं। विपक्षी उसकी काट की योजना बनाएंगे। तो जनता अपने मुद्दों को तलाशती नजर आएगी। दरअसल विपक्षी प्रदेश की जनता के समक्ष लोकलुभावन वादे कर रहे हैं।

वहीं भाजपा का कहना है कि सत्ता में रहते हुए जिन लोगों ने कुछ नहीं किया, वह सत्ता में फिर से आने के लिए झूठे वादे कर रहे हैं। देखना होगा कि भाजपा के पिटारे से क्या निकलता है। पार्टी ने छह फरवरी को भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर कार्यक्रम रखा था। इस बार कार्यक्रम स्थल पर बदलाव किया गया है। लोक कल्याण संकल्प पत्र घोषणा कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा।

ये भी पढ़ें..सिद्धू नाम की समस्या का कौन करेगा समाधान ?

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी अनुराग ठाकुर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। गौरतलब है कि भाजपा का यह संकल्प पत्र छह फरवरी को जारी किया जाना था। मशहूर गायिका लता मंगेशकर के निधन पर भाजपा ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी करने के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)