भाजपा ने किया बजट का स्वागत तो विपक्ष ने एक स्वर में बताया असफल

0
54

लखनऊः वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किये गये बजट का जहां भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत किया है। वहीं विपक्ष ने एक स्वर में बजट पर कई सवाल खड़े करते हुए इसे असफल और दिशाहीन बताया है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में ट्वीट किया कि संसद में पेश केन्द्र सरकार का बजट पहले मन्दी व वर्तमान में कोरोना प्रकोप से पीड़ित देश की बिगड़ी अर्थव्यवस्था को संभालने तथा यहां की अति-गरीबी, बेरोजगारी व महंगाई की राष्ट्रीय समस्या को क्या दूर कर पाएगा। इन्हीं आधार पर सरकार के कार्यकलापों व इस बजट को भी आंका जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की करोड़ों गरीब, किसान व मेहनतकश जनता केन्द्र व राज्य सरकारों के अनेक प्रकार के लुभावने वायदे, खोकले दावे व आश्वासनों आदि से काफी थक चुकी है तथा उनका जीवन त्रस्त है। सरकार अपने वादों को जमीनी हकीकत में लागू करे तो यह बेहतर होगा।

वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस बजट ने उन सभी प्रदर्शनकारी किसानों को क्या दिया। भाजपा हमेशा कहती थी कि वो सभी की आय दोगुनी करेगी। क्या इस बजट से किसानों की आय दोगुनी हो रही है। हमारे युवा जो पढ़ाई करना चाहते हैं उनके लिए काम, रोजगार के लिए इस बजट में क्या व्यवस्था की गई है। क्या इनको रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस बजट ने गरीबों और किसानों को धोखा दिया है। बजट में किसानों को कुछ नहीं मिला है। उद्योग जगत को इस बजट से कोई लाभ होता दिखाई नहीं दे रहा है। अखिलेश यादव ने कृषि कानूनों का जिक्र करते हुये कहा कि समाजवादी पार्टी का पूरा समर्थन किसानों को है। उन्होंने सरकार से एक तीनों कानूनों को वापस लेने की फिर मांग की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में किसानों के लिये इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा था। हम एक्सप्रेस वे के किनारे बड़ी-बड़ी मंडिया बना रहे थे। किसानों को क्या सुविधाएं मिल सकती हैं, हमने योजना बनाई थी। उन्होंने कहा कि अब ये सब रुक गया, क्योंकि वो मंडिया रोक दी गई हैं।

यह भी पढ़ें-मुख्यमंत्री ने कसरत कर युवाओं को दिया फिटनेस मंत्र, बोले ये…

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि बजट 2021 से स्पष्ट है कि मोदी सरकार ‘पूंजीपतियों की गुलाम’ है। सरकार ने देश की संपत्तियों को अंबानी-अडानी को सौंपने की तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, गरीब, मजदूर, मध्यम वर्ग से पूंजीपतियों वाली सरकार का कोई सरोकार नहीं है। यह बजट देश को कॉरपोरेट का बधुवा मजदूर बना देगा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा कि आम बजट से उम्मीद थी कि यह लोगों की क्रय शक्ति व रोजगार में वृद्धि कर देश की अर्थव्यवस्था को गति देगा। लेकिन, बजट 2021 से देश का मध्य वर्ग, अन्नदाता व वंचित तबका निराश हुआ है। उन्होंने कहा कि इस बजट से देश में महंगाई व देश के ऊपर कर्ज बढ़ेगा। यह बजट सैद्धांतिक व व्यवहारिक दृष्टि से असफल है।