देश

प्रियंका के दौरे पर भाजपा ने साधा निशाना, कहा - दो महीने बाद आई प्रदेश की याद

शिमला: हिमाचल के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पर विपक्षी दल बीजेपी ने निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक बलबीर वर्मा ने मंगलवार को कहा कि प्रियंका गांधी को दो महीने बाद हिमाचल की याद आई है। संतोष है कि कांग्रेस का कोई बड़ा नेता हिमाचल की सुध लेने आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता पाने के लिए कई घोषणाएं कीं, आज कांग्रेस को उन घोषणाओं पर अमल करना चाहिए। हिमाचल प्रदेश में 22 लाख लोग 1500 रुपये प्रति माह की गारंटी का इंतजार कर रहे हैं, इस आपदा में हजारों बहनों के घर तबाह हो गए। अगर सरकार उन्हें 1500 रुपये के हिसाब से 13500 रुपये देती तो आज कम से कम वे अपनी छत तो डाल पाते। ये भी पढ़ें..Kullu: कुल्लू में बाढ़ प्रभावितों से मिलीं प्रियंका गांधी, नुकसान का लिया जायजा उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव से पहले गारंटी दी थी कि वह पहली कैबिनेट में पांच लाख बेरोजगारों को नौकरी देगी लेकिन वह पूरा नहीं हुआ, उल्टे युवाओं को नौकरी से बाहर कर नौकरी दिलाने का कार्यक्रम शुरू कर दिया। हमीरपुर चयन आयोग भी बंद कर दिया गया। आगे भी नौकरी की कोई उम्मीद नहीं है। बलबीर वर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी को वर्तमान सरकार को सभी सड़कों को बहाल करने का निर्देश देना चाहिए, जिससे राज्य के लोगों को बहुत फायदा होगा। उन्होंने कहा कि जब पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कोरोना जैसी महामारी का सामना करना पड़ा और प्रदेश की सारी आय बंद हो गई, तब भी भाजपा सरकार नहीं रोई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह को इस समय रोने की बजाय काम करना चाहिए। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)