बिलावल के बयान के विरोध में BJP ने निकाली आक्रोश रैली, धामी बोले-ऐसे लोग घृणित वंशवाद के पोषक

42

देहरादूनः पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो का बयान पूरी तरह देश की समस्याओं से ध्यान भटकाने का ओछा हथकंडा है। बिलावल का यह बयान पूरी तरह हताशा, निराशा और देश की समस्याओं से जनता का ध्यान हटाने वाला है। भारत जैसे 135 करोड़ लोगों के देश के श्रेष्ठतम नेता पर पाकिस्तानी नेता की यह टिप्पणी पूरी तरह निंदनीय और अशोभनीय है। यह बात शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करते हुए कही। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिलावल भुट्टो की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई टिप्पणी पर विशाल आक्रोश रैली निकाली। रैली में भाजपा कार्यकर्ता नारे लिखित तख्तियां लेकर चल रहे थे, जिसमें पाकिस्तानी नेता के विरोध के नारे लिखे हुए थे।

बिलावल भुट्टो के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई टिप्पणी से पूरे देश में बहुत आक्रोश है। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ता देहरादून में निकाली गई यह विशाल आक्रोश रैली भाजपा महानगर कार्यालय से घंटाघर तक गई। घंटाघर चैक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो का पुतला दहन किया। इस विशाल आक्रोश रैली का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने किया। इसमें महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, डॉ. देवेंद्र भसीन, विधायक खजानदास, जोगेन्द्र पुंडीर समेत भारी संख्या में भाजपा नेता उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें..यूपी में निकाय चुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मी, योगी सरकार ने…

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिलावल भुट्टो की टिप्पणी पर किए गए सवाल के जवाब में कहा है कि मैं ऐसे घृणित मानसिकता वाले लोगों का नाम भी नहीं लेना चाहता। यह लोग घृणित वंशवाद के पोषक रहे हैं। चाहे जुल्फीकार अली भुट्टो रहे हों, बेनजीर भुट्टो रही हों या बिलावल भुट्टो सभी वंशवाद की परम्परा को आगे बढ़ा रहे हैं। दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व स्तरीय नेता हैं। उनके बारे में इस तरह का बयान भारत के 135 करोड़ लोगों का अपमान है। इस प्रकार का बयान पाकिस्तान की अंदरूनी राजनीति का द्योतक है। पाकिस्तान जो पुरी तरह पस्त हो गया है, बर्बाद की कगार पर है, यह उससे ध्यान बंटाने का उसका एक प्रयास हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटिया बयान की जितनी निंदा की जाए उतना कम है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)