BJP State Working Committee: भूपेंद्र सिंह ने अखिलेश को किया सावधान, कांग्रेस को बताया भस्मासुर

55
BJP-State-Working-Committee

BJP State Working Committee, लखनऊः रविवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान हमारी प्राथमिकता है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। हम पार्टी कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा उपचुनाव में हम उत्तर प्रदेश की सभी 10 सीटों पर जीत हासिल करेंगे। यह चुनाव भ्रष्टाचारियों और सदाचारियों के बीच है। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भारत की आत्मा अयोध्या, मथुरा और काशी में बसती है। ये तीनों पवित्र स्थल उत्तर प्रदेश में ही हैं। उत्तर प्रदेश देश की आत्मा और भारत का हृदय है।

आज महाराजा लाखन पासी की कर्मभूमि पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हो रही है। आम जनता के सपनों को साकार करने के लिए भारतीय जनता पार्टी दिन-रात सेवा में लगी हुई है। 500 साल बाद आज अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। यह हमारी आस्था विरासत का सम्मान है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पहले देश, फिर पार्टी और फिर अपना हित है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। भाजपा ने अपनी स्थापना के समय जो संकल्प लिए थे, वे आज पूरे हो रहे हैं। जम्मू-कश्मीर लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विचारधारा की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता है।

परिवारवादी लोगों ने जाति के आधार पर प्रदेश को बांटा

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि परिवारवादी लोगों ने जाति के आधार पर प्रदेश को बांटा। हमें जनता के बीच जाकर विपक्ष की विभाजनकारी साजिशों को उजागर करना है और सबको गले लगाना है। संविधान बदलने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस पार्टी ने संविधान में सबसे ज्यादा संशोधन किए हैं। जब-जब कांग्रेस सत्ता में रही, कांग्रेस पार्टी ने विरोध करने वालों को खत्म करने का काम किया है। आज 13 राज्यों में कांग्रेस जीरो है।

राष्ट्रीय विचारधारा की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता है

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में हमने पारदर्शी तरीके से सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी नई ऊंचाइयों को छू रही है। राष्ट्रीय विचारधारा की राजनीति हमारी प्रतिबद्धता है। इसके साथ ही ‘सेवा ही संगठन है’ की अवधारणा पर किए गए कार्यों के माध्यम से भाजपा का मानवीय स्वरूप जन-जन तक पहुंचा है।

सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है, इसी उद्देश्य से पार्टी सफलता के कीर्तिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019, 2022 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव तथा उसके बाद नगर निगम चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शानदार परिणाम हासिल किए और हमें भारी जीत मिली। 2024 के लोकसभा चुनाव का परिणाम हमारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने मेहनत की पराकाष्ठा दिखाई और अपना पूरा समर्थन दिया। जिसके कारण हम सौभाग्यशाली हैं कि लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है। स्वतंत्र भारत की राजनीति में छह दशक के बाद यह संभव हुआ है।

यह सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से संभव हुआ है। जिसके लिए आप धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस जैसी परिवारवादी और जातिवादी ताकतों ने अफवाह और भ्रम फैलाकर प्रदेश की जनता को जाति के अखाड़े में बदलने का प्रयास किया। कांग्रेस और सपा ने मुस्लिम मतदाताओं को ब्लैकमेल कर उनके वोट पाने का नया तरीका ढूंढा और उन्हें अपने एजेंडे का शिकार बनाया, जिसमें उन्हें आंशिक सफलता भी मिली। इसलिए हमारे सामने चुनौती है कि अब से भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता के बीच घर-घर जाकर युद्ध स्तर पर इस झूठ और अफवाह का पर्दाफाश करे और उनके विभाजनकारी मंसूबों को नाकाम करे।

उन्होंने कहा कि हमें पूरे समाज को साथ लेकर लगातार आगे बढ़ना है। जो खो गए हैं उन्हें गले लगाना है। उन्होंने कहा कि अगर आंकड़ों की बात करें तो सपा और कांग्रेस को मिलाकर 2024 के चुनाव में 43.05 प्रतिशत वोट मिले हैं। जबकि अकेले भाजपा को 41.37 प्रतिशत वोट मिले हैं। अगर भाजपा में अपने सहयोगियों के वोट जोड़ दें तो सपा-कांग्रेस अभी भी हमसे पीछे हैं। खतरे में सिर्फ संविधान है, 8500 रुपये का झूठा भ्रम फैलाकर सपा और कांग्रेस ने बहुजन वोट के सहारे 1.68 प्रतिशत वोट ज्यादा हासिल किए हैं।

यह भी पढ़ेंः-BJP Meeting: यूपी में भाजपा की मैराथन बैठक, हार पर होगा महामंथन

अखिलेश जी, आप सावधान हो जाइए, कांग्रेस भस्मासुर है और जल्द ही आपको खत्म कर देगी: भूपेंद्र

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव जी, मैं आपको चेतावनी दे रहा हूं कि कांग्रेस भस्मासुर है और जल्द ही आपको खत्म कर देगी। कांग्रेस की नजर आपके मुस्लिम वोट पर है। कांग्रेस की सोच और उनकी कार्यशैली में लोकतंत्र की कोई गुंजाइश नहीं है। कांग्रेस का एक इकोसिस्टम है जो हारने वालों को जीतने वाला बताता है और जीतने वालों पर सवाल उठाता है। कांग्रेस पार्टी के पास 13 राज्यों में शून्य सीटें हैं। कांग्रेस पार्टी जहां भी जीती है, वह अपने वोटों से नहीं, बल्कि दूसरे दलों के वोटों से जीती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)