झांसी में खिला कमल, भाजपा मेयर प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य ने लहराया जीत का परचम

24

mayor-candidate-bihari-lal-arya

झांसीः उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में मेयर पद के 07 उम्मीदवारों समेत 60 वार्डों के पार्षदों, 05 नगर पालिका व 07 नगर पंचायत अध्यक्षों की किस्मत का फैसला हो रहा है। जिले के पांच केन्द्रों पर मतगणना चल रही है। ऐसे में यह खबर मिल रही है कि वीरांगनाओं की धरती झांसी में नगर निगम के मेयर पद पर बिहारी लाल आर्य ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने कांग्रेस और सपा उम्मीदवारों को भारी मतों से परास्त किया है। भाजपा के उम्मीदवार बिहारी लाल आर्य ने करीब 83 हजार से अधिक मतों से अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार अरविंद कुमार बबलू को माता दी है। भाजपा के बिहारी लाल को 25 चरण में कुल एक लाख 23 हजार 451 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं उनसे लगातार पीछे चल रहे कांग्रेस के उम्मीदवार अरविंद कुमार बब्लू काे 39 हजार 903 मत मिले हैं। इस प्रकार भाजपा के बिहारीलाल आर्य ने 83 हजार 548 मतों से परास्त किया है।

उल्लेखनीय है कि साल 2017 में भी नगर निकाय चुनाव में झांसी नगर निगम मेयर सीट पर भारतीय जनता पार्टी का ही परचम लहराया था। उस समय भाजपा उम्मीदवार रामतीर्थ सिंघल ने जीत दर्ज की थी। श्री सिंघल ने बसपा प्रत्याशी बृजेन्द्र कुमार व्यास को 16000 से अधिक वोटों से मात दी थी। लेकिन इस बार भाजपा ने बिहारीलाल आर्य पर दांव लगाया था। वहीं, सपा से सतीश जतारिया, बसपा से भगवन दास फुले और कांग्रेस ने अरविंद कुमार मैदान में उतारा था।

झांसी में बने पांच मतगणना स्थल
नगर निगम झांसी, नगर पालिका परिषद बरुआसागर व बड़ागांव नगर पंचायत की मतगणना झांसी के बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज पर जारी है। मोठ की कृषि मंडी में चिरगांव, समथर व मोठ की मतगणना की जा रही है। मऊरानीपुर नगरपालिका समेत कटेरा और रानीपुर नगर पंचायत की मतगणना मऊरानीपुर के अग्रसेन महाविद्यालय में संपन्न हो रही है। तो गरौठा व एरच नगर पंचायत समेत गुरसरांय नगर पालिका की मतगणना अखंडानंद इंटर कॉलेज गरौठा में हो रही है। वहीं एकमात्र नगर पंचायत तोड़ी फतेहपुर के लिए मतगणना स्थल टहरौली तहसील में बनाया गया है।

ये भी पढ़ें..गिरिराज सिंह ने किया धीरेन्द्र शास्त्री का स्वागत, नीतीश सरकार पर…

उल्लेखनीय है कि जनपद के कुल छह लाख 56 हजार 547 मतों में से कुल तीन लाख 53 हजार 128 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इसमें नगर निगम झांसी में कुल दो लाख 16 हजार 153 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग करते हुए 47.19 प्रतिशत मतदान किया था। जिले की अन्य नगर पालिका व नगर पंचायतों में कुल मतदान एक लाख 36 हजार 975 मतदाताओं द्वारा 69 प्रतिशत मतदान किया गया था। नगर निगम के महापौर और पार्षदों के लिए ईवीएम का प्रयोग किया गया था। नगर पालिकाओं और नगर पंचायत के चुनाव के लिए बैलट पेपर प्रयुक्त हुए थे। मतगणना स्थल के अंदर सिर्फ प्रत्याशी और उनके एजेंट ही प्रवेश करेंगे। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरी मतगणना कैमरे की निगरानी में की जा रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)