पश्चिम बंगालः भाजपा नेता की हत्या, इलाके में तनाव का माहौल, जांच में जुटी पुलिस

31

पूर्व मेदनीपुर: पूर्व मेदनीपुर जिले के भगवानपुर थाना अंतर्गत मोहम्मदपुर इलाके में रविवार तड़के एक भाजपा नेता की हत्या कर दी गई। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। इस बीच भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शरू हो गया है। पुलिस हत्याकांज की पड़ताल में जुटी है।

मृत भाजपा नेता का नाम चंदन माइती (38) उर्फ संटू बताया गया है। वह भगवानपुर पूर्व मंडल के पार्टी प्रमुख थे। चंदन के परिवार के लोगों ने बताया कि शनिवार रात चंदन अपने घर पर थे तभी उन्हें एक फोन आया और वे घर से बाहर निकले। इसके बाद वे रातभर घर नहीं लौटे। चिन्ताग्रस्त परिवार के लोगों ने चंदन की तलाश शुरू की और मामले की सूचना भगवानपुर थाने को दी गई। रविवार तड़के खून से लथपथ चंदन को उनके घर से थोड़ी दूर पर पाया गया। चंदन के परिजन चंदन को पहले भगवानपुर ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उनकी हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें तमलुक अस्पताल स्थानांतरित करने की सलाह दी लेकिन तमलुक अस्पताल जाने के क्रम में चंदन ने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ेंः-IPL 2022: T20 वर्ल्ड कप के बाद इस टीम के कोच…

पुलिस के अनुसार धारदार हथियारों से घायल कर चंदन की हत्या की गई है। स्थानीय भाजपा नेताओं का आरोप है कि इस हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुप्रकाश गिरी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि भाजपा के अंदरूनी विवाद में चंदन की हत्या हुई है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी के गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)