भाजपा ने जारी किया लोक कल्याण संकल्प-पत्र, बेरोजगारी खत्म करने का दिलाया भरोसा

46

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी ने सूबे के 25 करोड़ लोगों के जीवन को बेहतर बनाने और बेरोजगारी को खत्म करने का भरोसा देते हुये विधानसभा चुनाव-2022 का लोक कल्याण संकल्प-पत्र जारी कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री व पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य भाजपा नेताओं की उपस्थिति में संकल्प-पत्र जारी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा ने 25 करोड़ लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लोक कल्याण संकल्प पत्र जारी किया है। पांच वर्ष पहले 2017 में भी भाजपा ने इसी सभा कक्ष में संकल्प पत्र जारी किया था। उस दिन जो वादा किया गया था, उसे पूरा कर प्रदेश की जनता के समक्ष पार्टी उपस्थित है।

आगे उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। हर बहनें और माताएं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। 2017 से पहले प्रदेश में 700 दंगे हुये। महीनों कर्फ्यू लगा रहता था। आज कर्फ्यू नहीं, बल्कि धूम-धड़ाके के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है। योगी ने कहा कि पूरी प्रतिबद्धता के साथ डबल इंजन की सरकार ने बिना किसी भेदभाव के काम किया। योजनाओं को चेहरा देखकर नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाने के लिये शुरू किया गया। इसका उन्हें लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि यूपी में 2 करोड़ 55 लाख से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ पहुंच रहा है। 1 करोड़ 61 लाख से अधिक युवाओं को एमएसएमई सेक्टर में अपने ही प्रदेश में रोजगार मिला है। प्रदेश में बेरोजगारी दर महज तीन फीसदी रह गयी है। इस दौरान यूपी के चुनाव सह प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं डॉ दिनेश शर्मा भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें..बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे महाभारत के ‘भीम’ प्रवीण कुमार, निधन पर मनोरंजन में शोक की लहर

इस अवसर पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार, गुंडाराज चरम पर था। 2014 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि 2017 में योगीजी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। तब से भाजपा सरकार पूरी ईमानदारी, कर्मठता और बड़े परिश्रम के साथ जनता की सेवा कर रही है। अपने संकल्प पत्र में किये गये वादों के अनुरूप योगी सरकार ने गुंडों, माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। भ्रष्टाचार पर नकेल लगाने का काम किया। योगी सरकार के मंत्री एवं घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना ने कहा कि 10 सदस्यीय कमेटी ने इस लोक कल्याण संकल्प पत्र का निर्माण किया है। जनता के सुझाव के आधार पर संकल्प पत्र तैयार किया गया है। इसके लिये प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों से लोगों के सुझाव लिए गए हैं।

जानें लोक कल्याण संकल्प-पत्र के प्रमुख वादे

लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 में भाजपा ने प्रदेश के हर जिले में आधुनिक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं से युक्त मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जाने का वादा किया। प्रदेश के सभी नागरिकों को सरकारी सेवाएं एक निश्चित समय में प्राप्त हों, इसकी गारंटी देने वाला कानून लाया जाएगा। भाजपा ने लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 में वादा किया गया है कि अयोध्या में श्रीराम से संबंधित संस्कृति, शास्त्रों एवं धार्मिक तथ्यों पर शोध के लिए रामायण विश्वविद्यालय को स्थापित किया जाएगा। संकल्प पत्र में बहन-बेटियों से लव जिहाद करने वालों को कम से कम 10 साल की सजा और एक लाख रुपये के जुर्माना लगाने का कानून बनाने का वादा किया जिससे इस कुकृत्य को करने से पहले कोई भी हजार बार सोचे। संकल्प पत्र में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को प्रदेश में एक नंबर की अर्थव्यवस्था बनाने का वादा किया गया है। लोक कल्याण संकल्प पत्र में भाजपा ने पांच हजार करोड़ रुपये के साथ मिशन आत्मनिर्भर की शुरुआत करने का लक्ष्य रखा है। इसके अंतर्गत पांच लाख लाख नए महिला एसएचजी बनाई जाएंगी। लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 में भाजपा ने संकल्प लिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में नियमित रूप से गरीब कल्याण मेला आयोजित होगा। जिसके माध्यम से प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सकें।

लोक कल्याण संकल्प पत्र 2022 में भाजपा ने संकल्प लिया कि प्रदेश की भाषाओं में शोध को बढ़ावा देने के लिए सूरदास ब्रजभाषा अकादमी, गोस्वामी तुलसीदास अवधी अकादमी, केशवदास बुंदेली अकादमी एवं संत कबीर दास भोजपुरी अकादमी स्थापित की जाएंगी। उज्‍जवला योजना के तहत होली दिवाली पर दो एलपीजी सिलेंडर मुफ्त, 60 साल से ऊपर की महिलाओं को फ्री बस यात्रा। प्रदेश के सभी नागरिकों को निश्चित अवधि में मिलेगी 339 सरकारी सुविधाएं। मेरठ, रामपुर, आजमगढ़, कानपुर, बहराइच में बनेंगे एंटी टेररिस्ट कमांडो सेंटर। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की स्मृति में भव्य स्मारक बनाया जाएगा। अगले 5 सालों तक सभी किसानों को सिंचाई पर मुफ्त बिजली।गन्ना किसानों को 14 दिन के भीतर भुगतान दिया जाएगा। कन्या सुमंगला राशि बढ़ाकर 15000 से 25000 रुपये की जाएगी। सीमांत और छोटे किसानों के लिए दुगनी किसान सम्मान निधि मिलेगा। मेधावी छात्रों को लैपटॉप दिए जाएंगे। यूपीएससी समेत सरकारी नौकरियों में महिलाओं की संख्या होगी दोगुनी होगी। लता मंगेशकर की स्मृति में बनेगी परफॉमिर्ंग आर्ट्स अकैडमी बनेगी। काशी, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, झांसी, प्रयागराज में मेट्रो सुविधा दी जाएगी। वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाकर 1500 किया जाएगा। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की स्मृति में भव्य स्मारक बनाने का वादा किया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)