UP को भाजपा सरकार ने बनाया पिछड़ा, बीमार और बदहालः अखिलेश यादव

18

akhilesh-yadav

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा सरकार भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते सवा छह साल में भाजपा सरकार ने प्रदेश को पिछड़ा, बीमार और बदहाल बना दिया है। यूपी की भाजपा सरकार ने प्रत्येक स्तर पर सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। भ्रष्टाचार के अलावा भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया है। जनता बरसात और विद्युत संकट से बेहाल है। राजधानी लखनऊ में बारिश के कारण इतनी सड़कें आज तक नहीं धंसी जितनी इस बार धंसी हैं। बरसात में प्रदेश में तीन दर्जन से ज्यादा लोगों की मौतें हो गई। दर्जनों मकान गिर गए। काफी जनधन की हानि हुई है। बरसात ने किसानों को बुरी तरह तबाह किया है। बड़े पैमाने पर फसलें बरबाद हो गई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ बयानबाजी करने में माहिर है। भाजपा सरकार से जनता का कोई भला होने वाला नहीं है। अब सभी को 2024 के लोकसभा चुनाव का इंतजार है। जब भाजपा सत्ता से हटेगी और जनता को खुशहाली और राहत मिलेगी। श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में बरसात में बीमारियों का भी प्रकोप बढ़ जाने से अस्पतालों में बीमार लोगों का इलाज नहीं हो पा रहा है। भाजपाराज में अस्पतालों की स्थिति इतनी बदतर हो गई है कि रोगियों को न तो दवा मिल रही है और न ही इलाज। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी के चलते जांच और इलाज की भारी किल्लत है। आयुष्मान कार्ड का होहल्ला बहुत है पर बहुत से अस्पतालों में उसकी अनदेखी हो रही है। कैशलेस इलाज के नाम पर तो सरकारी कर्मचारी शिक्षक मारे-मारे घूम रहे हैं। निजी अस्पतालों में लूट मची है।

ये भी पढ़ें..Pratapgarh: तेज रफ्तार टैंकर ने टेंपो में मारी टक्कर, आठ लोगों…

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने विद्युत संकट तो स्वयं आमंत्रित किया है। पहले पांच साल सिर्फ जुमलेबाजी में बिताकर भाजपा दूसरे कार्यकाल के सवा साल में भी एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं कर सकी है। समाजवादी सरकार में जो विद्युत संयंत्र लगाए गए थे उससे विद्युत उत्पादन दुगना हो गया था। लेकिन भाजपा ने तो जैसे तय कर लिया है कि वह राज्य को पूरी तरह तहस-नहस करके ही दम लेगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)