बेगूसराय फायरिंग के विरोध में भाजपा ने किया बेगूसराय बंद, गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश पर साधा निशाना

43

पटनाः बिहार के बेगूसराय जिले में मंगलवार शाम बाइक पर सवार दो बदमाशों द्वारा 11 लोगों को गोली मार देने की घटना के बाद अब बिहार की सियासत गर्म हो गई है। इस बीच, भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद का आह्वान किया है। बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राज्य में जंगलराज बताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। बेगूसराय के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक बाइक पर सवार दो लोगों द्वारा की गई गोलीबारी की घटना में 1 व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 से 11 लोग घायल हो गए।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि दुर्भाग्य है कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। बिहार में जंगलराज की परिभाषा बदल दी गई, अब जनता राज बताया जा रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को भय लगता है कि जिस दिन जंगलराज कहूंगा, उस दिन उपमुख्यमंत्री उन्हें सत्ता से हटा देंगे। उन्होंने कहा कि जब अपराधी बेखौफ हो जाते हैं तो बेगूसराय जैसी घटना घटती है। 30 किमी तक चार थाने से होते हुए अपराधी रोड से बिना रोक टोक गुजरते हैं, बेखौफ गोलियां चलाते हैं, भय नाम की चीज खत्म हो गई है। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर सामने आकर अपराधियों पर नकेल कसने की अपील की।

ये भी पढ़ें..यूपीः दोहरे हत्याकांड में एक परिवार के 12 सदस्यों समेत 17…

उन्होंने यह भी कहा, महत्वाकांक्षा के लिए आपने जो कदम उठाया तो यह होना ही है, रोपे पेड़ बबूल का तो आम कहां से होए। इस बीच, भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद बुलाया है। बुधवार को सुबह से ही बंद का असर भी दिख रहा है। सड़क पर वाहन कम दिख रहे हैं। इधर, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। कई इलाकों में वाहनों की जांच की जा रही है। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से लोक सभा सांसद गिरिराज सिंह ने बेगूसराय पहुंच कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने से पहले नीतीश कुमार की महागठबंधन सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि, बिहार में जब से यह महागठबंधन की सरकार बनी है तब से राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त हो गई है। केंद्रीय मंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से स्वयं सामने आकर इस गोलीकांड की घटना पर बयान देने की मांग करते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों की सरकार है, राज्य के मंत्री अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होने सत्ता के लिए नीतीश कुमार पर बिहार में जंगलराज को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए आशंका जताई कि अगर यही माहौल रहा तो फिर बिहार में बेगूसराय जैसी आपराधिक घटना रोज होगी।गिरिराज सिंह ने बिहार में जंगलराज रिटर्न की बात कहते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले खुद जंगलराज कहा करते थे लेकिन महागठबंधन की सरकार बनने के बाद उन्होने जंगलराज की परिभाषा ही बदल दी है, अब वो इस जंगलराज को जनता राज बता रहे हैं क्योंकि उन्हे डर है कि वो सच बोलकर अगर इसे जंगल राज कहेंगे तो तेजस्वी यादव उन्हे गद्दी से उतार देंगे। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री इसे जनता का राज बता रहे हैं तो उन्हे बताना चाहिए कि फिर जंगल राज किसे कहेंगे।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…