प्रदेश बिहार Featured

Bihar: पत्रकार की हत्या पर सियासी उबाल, सम्राट-चिराग ने किया CM नीतीश का घेराव

chirag-paswan पटनाः बिहार के अररिया में शुक्रवार को एक हिंदी दैनिक अखबार के पत्रकार विमल कुमार यादव की हत्या के बाद राज्य की राजनीति गरमा गयी है। पत्रकार की हत्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पत्रकार की हत्या पर दुख व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों की हत्या हो रही है और मुख्यमंत्री को यहां का अपराध नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने बताया कि विमल कुमार यादव अपने छोटे भाई सरपंच की हत्या में गवाह भी थे, जिन्हें पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने में विफल रही। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार आराम से मुंबई और दिल्ली घूम रहे हैं और उन्हें बिहार में अपराध नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को एक चश्मा देना है ताकि वह बिहार का अपराध देख सकें। बिहार में पुलिसकर्मी मारे जा रहे हैं, पत्रकार मारे जा रहे हैं, गौ तस्कर जाग गये हैं, बालू माफिया और शराब माफिया बेखौफ हो गये हैं और राज्य में गुंडों का राज कायम हो गया है। ये भी पढ़ें..जमीन धंसी..दीवारों पर दरारें, ढहने की कगार पर हिमाचल का हेरिटेज... इधर, एलजेपी (रामविलास) के प्रमुख और सांसद चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री आपके राज में पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं। अगर पुलिस अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं तो आम बिहारी ने आपसे उम्मीद छोड़ ही दे। चिराग पासवान ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों ने अपनी जड़ें मजबूत कर ली हैं। महागठबंधन सरकार खुद को असहाय महसूस कर रही है। कई स्थानों पर अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। चिराग ने कहा कि आम बिहारियों के साथ-साथ अब पुलिस अधिकारी भी अपराधियों की गोली का शिकार हो रहे हैं। हमारी रक्षा करने वालों की हत्या की जा रही है। इतना सब कुछ होने के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुप हैं। पुलिस कर्मियों का मनोबल गिर रहा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)