बिहार Featured क्राइम

Bihar: पुलिसकर्मियों की आंखों में झंडू बाम लगाकर 3 कैदी हुए फरार, ये काम कर रही पुलिस

Zandu Balm पटनाः बिहार की राजधानी पटना के अति-व्यस्तम इलाके अशोक राजपथ से गुरुवार को तीन कैदी बड़े आराम से फरार हो गए। इन सभी कैदियों पुलिसकर्मियों द्वारा कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। वहीं रास्ते में तीनों सातिर कैदियों ने पुलिस की आंखों में झंडू बाम (Zandu Balm) लगा दिया। पुलिस के जवान कुछ समझ पाते तब तक तीनों फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल फरार कैदियों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह घटना गुरुवार दोपहर 2.45 बजे की बताई जा रही है। ये भी पढ़ें..Bengal Panchayat elections: सुरक्षा को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट सख्त, केंद्रीय बलों की तैनाती का दिया आदेश

इस तरह फरार हुए तीन कैदी

पुलिस के मुताबिक, फुलवारी शरीफ जेल से गुरुवार को 43 कैदियों को लेकर एक वैन पटना सिविल कोर्ट जा रही थी। इस दौरान अशोक राजपथ के नजदीक बीएन कॉलेज के पास सड़क जाम था। जाम के कारण वैन जब रुका तब पुलिस के जवान वैन से उतरे। इस दौरान कैदियों ने पुलिसकर्मी की आंखों में झंडू बाम लगा दिया। कैदियों द्वारा धक्का दिए जाने के कारण कांस्टेबल उमेश बिंद के एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया और तीन कैदी फरार हो गए।

बड़ा सवाल कैदियों के पास कहां से आया झंडू बाम

फरार कैदियों के नाम सोनू शर्मा, नीरज चौधरी और सोनू कुमार बताए जा रहे हैं। टाउन DSP एके सिंह ने बताया कि वैन में पांच पुलिसकर्मी कैदियों को लेकर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सभी फरार कैदी आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी हैं। पुलिस जांच कर रही है कि कैदियों के पास झंडू बाम (Zandu Balm) कहां से आया। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)