बिहार Featured क्राइम

Bihar Crime: बिहार में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, लॉ एंड ऑर्डर पर उठे सवाल

murder Bihar Double Murder: बिहार में फिर से जंगलराज लौटने लगा है। राज्य में आम आदमी ही नहीं बल्कि पुलिस और मीडियाकर्मियों को भी निशाना बनाया जा रहा है, यहां तक ​​कि बिहार सरकार के मंत्री भी सुरक्षित नहीं हैं। बिहार पुलिस का इकबाल खत्म होता जा रहा है। अब अपराधी घर में घुसकर गोली मार रहे हैं। यही कारण है कि राज्य में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच बिहार में पिछले 24 घंटे के अंदर दो हत्याओं से हड़कंप मच गया है। बिहार में एक के बाद एक हो रही हत्याओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। बेखौफ बदमाशों ने शनिवार को सुबह की सैर के दौरान बेगूसराय में एक सेवानिवृत्त शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं दूसरी घटना पूर्वी चंपारण में हुई जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने दूसरी घटना को चकिया थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर अंजाम दिया। ये सनसनीखेज वारदातें ऐसे समय में हुई हैं जब दो दिन पहले अररिया में बदमाशों ने घर में घुसकर पत्रकार विमल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसके चलते बिहार की नीतीश कुमार सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई। अब मोतिहारी और बेगुसराय की घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। ये भी पढ़ें..Medininagar: जेल से छूटते ही दो भाइयों ने किया कुछ ऐसा, फिर पहुंचे सलाखों के पीछे

70 वर्षीय शिक्षक की गोली मारकर हत्या

दरअसल पहली घटना बेगूसराय के बछवारा थाना क्षेत्र के फतेहा गांव की है। जहां शनिवार की सुबह सेवानिवृत्त शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। बछवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आपसी दुश्मनी में उनकी हत्या की गयी है। बाइक सवार अपराधियों ने फतेहा गांव निवासी 70 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक जवाहर राय की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे पहले फरवरी 2021 में मृतक जवाहर राय के बेटे की भी हत्या कर दी गई थी। जिसमें मृतक चश्मदीद गवाह थे। उधर शिक्षक की हत्या के बाद पूरे गांव में दहशत फैली हुई है।

ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

दूसरी घटना पूर्वी चंपारण जिले की है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना चकिया थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई। घटना के बाद बेखौफ अपराधी हथियार लहराते हुए मुजफ्फरपुर की ओर भाग निकले हैं। घटना सुबह 8 बजे की है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अपराधियों ने ठेकेदार के सीने में दो गोली मारी। जिसके बाद लोगों ने आनन-फानन में ठेकेदार राजीव कुमार को मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)