राम मंदिर के चंदे वाले बयान से पलटे भूरिया, सफाई में बोले ये बात

54

इंदौरः कांग्रेस विधायक और वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया राम मंदिर के चंदे के बारे में दिये गए अपने विवादित बयान से पलट गए हैं। इस मामले में खुद को घिरता देख भूरिया ने अब अपने बयान इंदौर में सफाई दी है।

कांग्रेस विधायक कांतिलाल भूरिया ने एक दिन पहले पेटलावद में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कहा था कि अब भाजपा के छुटभैय्या नेता फिर घर-घर जाकर पैसा एकत्रित कर रहे हैं। कह रहे हैं, मंदिर बनाना है, मंदिर बनाना है। सुबह रुपए एकत्रित कर रहे हैं। शाम को नदी में जाकर दारू पी रहे हैं और भगवान का मंदिर बनाने की बात कह रहे हैं। इस बयान पर बवाल होने के बाद मंगलवार को इंदौर में बुजुर्गों के सम्मान में कांग्रेस की रैली में शामिल होने आए भूरिया ने सफाई दी है।

उन्होंने कहा है कि भगवान राम सबके हैं। सभी को आस्था अनुसार चंदा देना चाहिए, लेकिन मेरा सवाल यह है कि पिछली बार जो चंदा एकत्रित हुआ था, उसका हिसाब दें। शाम को पार्टी करने वाली बात तो लोग कह रहे हैं। जो मुझे पता चला वही कहा। भूरिया ने कहा कि हम राम के भक्त हैं। राम मंदिर बनना चाहिए। भाजपा लोगों के साथ भेदभाव कर रही है। पहले कहते थे कि हम मंदिर बनाएंगे। पिछले सालों में मंदिर निर्माण के लिए महिलाओं ने हाथ की चूड़ियां और मंगलसूत्र तक उतारकर दे दिए थे। हजारों करोड़ रुपए चंदा एकत्रित हुआ था। मैंने बस यही पूछा था कि वीएचपी और भाजपा यह बताए कि उस समय जो पैसे एकत्रित हुए थे, वह कहां है और उस समय कितना रुपया एकत्रित हुआ था। यह देश की जनता को जानने का हक है।

वहीं, भूरिया का बयान सामने आने के बाद भाजपा विधायक और प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा पार्टी के पक्ष में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि सारा डोनेशन श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर हो रहा है।