भूपेश बघेल ने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के निधन पर जताया दुख

100

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने उनके शोकाकुल परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए, ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी को सहने के लिए शक्ति प्रदान करने और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और सांसद के रूप में अपने प्रदेश के विकास में अविस्मरणीय योगदान दिया। वे केंद्रीय मंत्री रहे और छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का दायित्व भी संभाला।

यह भी पढ़ें-कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह का निधन, छह बार रहे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री

वहीं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह  के निधन पर अपनी संवेदना जताते हुए कहा कि वे बहुत ही संवेदनशील कोमल हृदय के व्यक्ति के साथ साथ गहरा ज्ञान, महिला समानता के जीते जागते उदाहरण, बहुत कुशल राजनीतिज्ञ और उससे भी ऊँचाइयों वाले राजनेता के साथ, आदर्श पति, पिता और अभिभावक थे। ईश्वर से प्रार्थना है उनकी आत्मा को शांति दें और अपने चरणों में स्थान दें। ॐ शान्ति।

उन्होंने ट्वीट में साझा करते हुए लिखा कि वीरभद्र जी मेरे मौसा थे। मैं उन्हें प्यार से मासा साहब कहता था। बचपन की अनेक यादें उनके साथ की हैं। बीते 65 साल वो मेरे लिये एक आदर्श पैत्रिक पुरुष रहे, अभिभावक रहे, सलाहकार रहे, मार्गदर्शक रहे।