Featured आस्था

भीष्म पितामह ने युधिष्ठिर को बताया था श्राद्ध कर्म का रहस्य, सही तिथि ज्ञात न होने पर इस दिन करें तर्पण

pitrapaksha

नई दिल्लीः पितरों के श्राद्ध तर्पण के महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। दस सितंबर को भाद्रपद मास की पूर्णिमा तिथि थी। इस दिन से 25 सितंबर तक रोज पितरों के लिए श्राद्ध, तर्पण आदि काम किए जाएंगे। 11 सितंबर से पितृ पक्ष शुरू हो रहा है। सनातन धर्म में श्राद्ध पक्ष का बहुत अधिक महत्व है। पितृ पक्ष के 15 दिनों में पितरों की पूजा, तर्पण और पिंडदान करने से पितृ देव प्रसन्न होते हैं और उनकी आत्मा को शांति मिलती है। पितृ पक्ष के दौरान पितरों की पूजा और उनकी आत्मा की शांति के लिए तर्पण या पिंडदान करने की परंपरा निभाई जाती है।

भीष्म पितामह ने युधिष्ठिर को बताया श्राद्ध कर्म का रहस्य
महाभारत के अनुशासन पर्व में भीष्म पितामह ने युधिष्ठिर को श्राद्ध कर्म का रहस्य बताया था। उन्होंने यह भी बताया था कि श्राद्ध कर्म की शुरुआत कैसे हुई? भीष्म पितामह ने बताया था कि प्राचीन समय में सबसे पहले महर्षि निमि को अत्रि मुनि ने श्राद्ध का ज्ञान दिया था। इसके बाद निमि ऋषि ने श्राद्ध किया और उनके बाद अन्य ऋषियों ने भी श्राद्ध कर्म शुरू कर दिए। इसके बाद श्राद्ध कर्म करने की परंपरा प्रचलित हो गई।

किसी भी शुभ काम से पहले पूर्वजों का करें याद
शास्त्रों में कहा जाता है कि पृथ्वी पर जीवित व्यक्तियों को किसी भी शुभ कार्य या पूजा करने से पहले अपने पूर्वजों की पूजा जरूर करनी चाहिए। मान्यता है अगर पितृगण प्रसन्न रहते हैं तभी भगवान भी प्रसन्न होते हैं। शास्त्रों में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसका उसके परिवार के सदस्यों द्वारा श्राद्ध कर्म करना बहुत ही जरूरी होता है। अगर विधि-विधान से मृत्यु के बाद परिवार के सदस्यों का तर्पण या पिंडदान न किया जाये तो उसकी आत्मा को मुक्ति नहीं मिलती है। पितृगण की पिंडदान न करने पर उसकी आत्मा मृत्यु लोक में भटकती रहती है।

ये भी पढ़ें..Mumbai: सीएम शिंदे और उद्धव ठाकरे के समर्थकों के बीच जमकर...

मृत्यु की सही तिथि ज्ञात न होने पर इस दिन करें श्राद्ध
हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार हर महीने की अमावस्या तिथि पर पितरों की शांति के लिए श्राद्ध किया जा जाता है, लेकिन पितृपक्ष के दौरान श्राद्ध करने और गया में पिंडदान करने का अलग ही महत्व होता है। पितरों की आत्मा की शांति और तृप्ति के लिए पितृपक्ष में उनका श्राद्ध करना चाहिए। अगर किसी परिजन की मृत्यु की सही तारीख पता नहीं है तो आश्विन अमावस्या के दिन उनका श्राद्ध किया जा सकता है। पिता की मृत्यु होने पर अष्टमी तिथि और माता की मृत्यु होने पर नवमी तिथि तय की गई है। जब किसी व्यक्ति की मृत्यु किसी दुर्घटना में हुई तो उसका श्राद्ध चतुर्दशी तिथि पर करना चाहिए।

श्राद्ध करने का पहला अधिकार पुत्र को
शास्त्रों के अनुसार पुत्र ही माता-पिता को नरक से मुक्ति दिलाता है इसलिए उसे पुत्र कहते हैं। माता-पिता की मृत्यु के बाद पुत्र ही पिंडदान, तर्पण, श्राद्ध आदि करता है। इसके कारण मृतक की आत्मा को मोक्ष प्राप्त होता है। धर्म ग्रंथों के अनुसार श्राद्ध पुत्र को ही करना चाहिए। एक से ज्यादा बेटे होने पर सबसे बड़ा पुत्र श्राद्ध करता है। अगर सबसे बड़े बेटे की मृत्यु हो गई हो तो छोटे बेटे को श्राद्ध करने का अधिकार है। यानी घर में जो भी बड़ा भाई हो उसे ही श्राद्ध करना चाहिए।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…