Bharat Ratna: कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ को पीएम का सपरिवार दिल्ली आने का न्योता

0
16

Karpoori Thakur Bharat Ratna: महान समाजवादी नेता और दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उनके बेटे रामनाथ ठाकुर को फोन कर बधाई दी और उन्हें परिवार के साथ अपने आवास पर आने का निमंत्रण भी दिया। कर्पूरी ठाकुर के परिवार के सदस्यों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सुबह करीब नौ बजे फोन किया और उन्हें भारत रत्न से सम्मानित होने पर बधाई दी।

बताया गया कि राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर को भी 26 जनवरी को अपने परिवार के सदस्यों के साथ दिल्ली आवास पर आने का निमंत्रण दिया गया है। राज्यसभा सांसद ने इसके लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिलने पर जो खुशी हुई है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह केंद्र सरकार का सराहनीय कदम है। उन्होंने केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि शायद उनकी जयंती के सौ साल पूरे होने पर यह फैसला लिया गया होगा।

क्या बोले रामनाथ ठाकुर

रामनाथ ठाकुर ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उनके पिता को देश का सर्वश्रेष्ठ सम्मान माना जाने वाला भारत रत्न पुरस्कार दिया जा रहा है। मेरे परिवार के लिए इससे बड़ी ख़ुशी क्या हो सकती है? जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किये जाने की घोषणा का बिहार की सभी पार्टियों ने स्वागत किया है।

इधर, समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम (पितौंझिया) में बुधवार को अपने सपूत कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिये जाने की घोषणा और उनकी जयंती को लेकर जश्न का माहौल है। लोग उनके परिवार को बधाई देने आ रहे हैं।

1970 में बने पहली बार सीएम

कर्पूरी ठाकुर का जन्म 24 जनवरी 1924 को पितौझिया में हुआ था। वह दिसंबर 1970 में पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने। वह मार्च 1967 से जनवरी 1968 तक उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री रहे। 17 फरवरी 1988 को उनकी मृत्यु हुई थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)