भ्रष्टाचारियों की पनाहगार है पश्चिम बंगाल सरकार, तुष्टिकरण में बर्बाद हुआ बंगाल: अनुराग ठाकुर

10

Bengal ED Attack: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने तुष्टिकरण की पराकाष्ठा हासिल कर ली है। आज जब पूरे देश में रामनाम गूंज रहा है तो पश्चिम बंगाल में हिंदुओं को खुशी का एहसास तक नहीं होने दिया जा रहा है। यहां कर्फ्यू जैसे हालात हैं। अब साधुओं पर हमले और उनकी हत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। मीडिया में लगातार खबरें छपने के बाद कार्रवाई की गई।

शनिवार को कोलकाता एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि ममता दीदी के शासन में पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। जनकल्याण के लिए आने वाले धन को लूटने की यहां पूरी व्यवस्था है। भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई करने पहुंची ईडी की टीम पर भी यहां पथराव और मारपीट कर सिर फोड़ दिया गया है। पश्चिम बंगाल की सरकार भ्रष्टाचारियों की शरणस्थली है।

अनुराग ठाकुर ने सवाल उठाया कि क्या ममता बनर्जी ने अपने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को लूटने की खुली छूट दे दी है या वे उनकी बात नहीं सुनते? पश्चिम बंगाल में अगर किसी पुलिस अधिकारी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगता है तो ममता बनर्जी उसे बचाने के लिए सड़कों पर उतर आती हैं। जब छापेमारी होती है तो करोड़ों रुपये बरामद होते हैं। इसमें सिर्फ तृणमूल के लोगों के ही नाम क्यों हैं?

यह भी पढ़ें-India Alliance Meeting: नीतीश कुमार नहीं बनेंगे इंडिया अलायंस के संयोजक, बैठक में क्या बोले बिहार सीएम?

केजरीवाल पर भी उठाए सवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जुड़े एक सवाल पर ठाकुर ने कहा, ”जो लोग कभी कांग्रेस के भ्रष्टाचार और देश से भ्रष्टाचार हटाने की बात करते थे, वे आज खुद भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हुए हैं। आज उनके उपमुख्यमंत्री, मंत्री और सांसद जेल में हैं। किसी को जमानत नहीं मिल रही है। अरविंद केजरीवाल ने केवल भ्रष्टाचार और अराजकता फैलाई है।”

गठबंधन में न कोई नेता है, न कोई नीति

इंडी गठबंधन की बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस गठबंधन में एक नेता दूसरे से बात नहीं करता है। पश्चिम बंगाल में ही अधीर रंजन चौधरी कुछ और कहते हैं, ममता बनर्जी कुछ और कहती हैं। उनके पास न तो कोई नेता है, न नीति और न ही कोई नियत।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)