बिहार Featured क्राइम

ताबड़तोड़ गोलीबारी से दहला बेगूसराय, 12 घंटे में दूसरी वारदात, महिला की मौत, दो गंभीर

बेगूसरायः बिहार की औद्योगिक नगरी बेगूसराय एक बार फिर से आपराधिक नगरी के रूप में तब्दील हो गया है। बीते 12 घंटे के दौरान यहां अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दूसरी वारदात को अंजाम दिया। जहां एक ओर महिला की हत्या कर दी तो वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहे हैं। लगातार हो रही गोलीबारी से जिले में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें..प्रयागराज में हुई हिंसा के मास्टर माइंड के घर चलेगा बुलडोजर, पीडीए ने घर खाली करने को दिया नोटिस

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आनंदपुर में शनिवार की रात तनिष्क शोरूम कर्मचारी नेहा की गोली मारकर हत्या की जांच में अभी पुलिस जुटी ही थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इटवा गांव में बदमाशों ने मंदिर पर चढ़कर पुजारी के सिर में गोली मार दी। घायल पुजारी फूचो सिंह को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि फूचो सिंह अपने गांव स्थित हनुमान मंदिर में पूजा पाठ किया करते थे। शनिवार की रात वे रोज की तरह मंदिर पर सोए हुए थे, तभी देर रात करीब दो बजे बदमाशों ने सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर मंदिर पर सोए अन्य लोग जब तक जगे तो अपराधी फरार हो चुके थे। इसके बाद आनन-फानन में लोगों ने पुजारी को अस्पताल में भर्ती कराया है। गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले भी बदमाशों ने इटावा निवासी रजनीश कुमार को उसके आटा मील में घुसकर गोली मार दी थी। इटावा में पुजारी को गोली मारने की घटना का पता लगाने में अभी पुलिस जुटी हुई थी कि वीरपुर थाना क्षेत्र के रोस्तमा में शादी के रिसेप्शन में गोली चलने से एक लड़का घायल हो गया है। गोली लगने से घायल रोस्तमा निवासी सोनेलाल यादव के पुत्र नीरज कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के संबंध में परिजन ने बताया कि पड़ोसी वैद्यनाथ यादव के पुत्र लक्ष्मण यादव के शादी बाद शनिवार की रात्रि बहुभोज था। बहुभोज में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें बार बालाएं डांस कर रही थी तथा डांस देखने के लिए नीरज भी गया था। इसी दौरान हर्ष फायरिंग में नीरज को गोली लग गई। बच्चे को गोली लगते ही मौके पर सन्नाटा छा गया तथा सभी बदमाश फरार हो गए। वीरपुर में थानाध्यक्ष समरेंद्र कुमार ने बताया कि बहुभोज समारोह के दौरान गोली लगने से घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, घटना की जांच की जा रही है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)