UP: ‘2017 से पहले गरीबों के घरों पर होता था कब्जा, आज मिल रहे मकान’, फिरोजाबाद में बोले सीएम योगी

19

cm-yogi-adityanath-in-firozabad

फिरोजाबादः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में गरीबों के घरों और जमीनों पर कब्जा कर लिया जाता था, लेकिन आज गरीबों को घर दिए जा रहे हैं। पहले व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों से चौथ वसूला जाता था, लेकिन आज उन्हें ब्याज मुक्त कर्ज मुहैया कराया जा रहा है। इसलिए इस ट्रिपल इंजन को डबल इंजन की सरकार में शामिल करना जरूरी है। उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) गुरुवार को फिरोजाबाद शहर के तिलक इंटर कॉलेज परिसर में भाजपा की मेयर प्रत्याशी कामिनी राठौर के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांच के लिए मशहूर यह शहर एक बार फिर से अपना परचम लहराने लगा है। 2014 से पहले देश के सामने सूबे की पहचान पर सवाल उठते थे। दुनिया में हमारी इज्जत नहीं थी। भ्रष्टाचार भारत की पहचान बन चुका था। विकास के कार्य केवल पंचवर्षीय योजना तक ही सीमित थे। न सुरक्षा थी न सम्मान। किसान, युवक परेशान था। देश में आत्महत्याएं चल रही थीं, लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बेहतर भारत बनाया है। इसलिए भारत को विश्व में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि आज भारत में तुष्टिकरण नहीं है। तुष्टिकरण की राजनीति समाप्त हुई तो भारत के सशक्तिकरण का मार्ग प्रारंभ हुआ। इसके परिणामस्वरूप करोड़ों लोगों को घर मिला, कोरोना काल में करोड़ों लोगों को राशन मिला, शौचालय बने। ऐसा दुनिया के किसी भी देश में नहीं हुआ है। भारत के प्रति विश्व में लोगों की धारणा बदली है। जैसे-जैसे भारत के प्रति धारणा बदली है, वैसे-वैसे उत्तर प्रदेश के प्रति लोगों की धारणा भी बदली है।

ये भी पढ़ें..Banda: डीएम ने यूपी बोर्ड के टाॅप-10 विद्यार्थियों को किया सम्मानित,…

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री के विजन को अपने मिशन का हिस्सा बनाया। इसी का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश में अब तक 54 लाख गरीबों के घर बन चुके हैं, दो करोड़ गरीबों के घरों में शौचालय बन चुके हैं। आयुष्मान योजना और जन आरोग्य योजना का लाभ 10 करोड़ लोगों को मिला है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ 75 लाख गरीबों को उज्ज्वला योजना के कनेक्शन मिले हैं। आज उत्तर प्रदेश शहीदों के आतंक से मुक्त हो गया है। स्मार्ट सिटी बना दी गई है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में एक पार्टी विशेष के कुछ युवा और कार्यकर्ता हाथों में बंदूकें लहराते थे, कारोबारियों को धमकाया जाता था, लेकिन आज यूपी के युवाओं के हाथों में टैबलेट हैं। यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है।

उन्होंने कहा कि विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। विकास के लिए दृष्टि और नेतृत्व की आवश्यकता होती है। आज प्रधानमंत्री के यूपी के विजन को मिशन मानते हुए हम नगर निकाय चुनाव में आ गए हैं। विकास कार्यों को डबल इंजन की गति से आगे बढ़ाया जा रहा है, लेकिन विकास कार्यों को गति देने के लिए ट्रिपल इंजन की भी आवश्यकता है। नगर निगम का चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। यह जाति, धर्म के आधार पर चुनाव नहीं है, यह केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लागू करने का चुनाव है। मुख्यमंत्री ने मेयर प्रत्याशी कामिनी राठौर सहित सभी नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अध्यक्ष, पार्षद व पार्षद पद के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)