विशेष Featured

आज से कर्नाटक में ‘बसवराज’ , जानें कैसा रहा अब तक का सफर

नई दिल्ली: कर्नाटक में बसवराज एस बोम्मई ने आज मुख्यमंत्री की शपथ ले ली है। बसवराज एस बोम्मई ने कर्नाटक के 23वें मुख्यमंत्री के तौर पर बीएस येदियुरप्पा की जगह ली है। खबरों के मुताबिक, कर्नाटक के अगले सीएम के तौर बोम्मई के नाम का सुझाव येदियुरप्पा ने ही दिया। जिसका समर्थन बाकी मंत्रियों और विधायकों ने भी किया था।

बसवराज बोम्मई का जन्म 28 जनवरी 1960 को हुआ था। वह कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसआर बोम्मई के पुत्र हैं। बोम्मई सदारा लिंगायत समुदाय से संबंध रखते हैं। बसवराज बोम्मई ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद कुछ दिनों तक टाटा समूह में नौकरी भी की। उन्होंने साल 2008 में भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की थी। इसके बाद वह पार्टी में कई पदों पर रहे। बसवराज बोम्मई दो बार के एमएलसी और तीन बार शिग्गांव से विधायक हैं। बोम्मई कर्नाटक में भाजपा विधायक दल का नेता भी रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें-  बसवराज बोम्मई ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, बोले-येदियुरप्पा के मार्गदर्शन पर करेंगे कार्य

मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद से ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि कर्नाटक का अगला सीएम लिंगायत समुदाय से चुना जाए। येदियुरप्पा ने खुद बसवराज बोम्मई के नाम का ऐलान करके सियासी अटकलों पर लगाम लगा दी। बसवराज बोम्मई को कर्नाटक के पूर्व सीएम येदिुयरप्पा का भरोसेमंद माना जाता हैं। उनके सीएम रहते बोम्मई राज्य के गृह मंत्री के साथ संसदीय कार्य मंत्री और कानून मंत्री का पद भी संभाल रहे थे। बता दें कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने अपनी सरकार के दो साल पूरा होने पर 26 जुलाई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।