देश Featured

Dumri Bypoll Result 2023: डुमरी में I.N.D.I.A. की बड़ी जीत, 17 हजार वोटों से जीतीं बेबी देवी

dumri-byelection-baby-devi. रांची: झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव (Dumri By-election) में I.N.D.I.A. ने एनडीए को हरा दिया है। यहां राज्य की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा की उम्मीदवार बेबी देवी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी एनडीए की यशोदा देवी को करीब 17 हजार वोटों से हरा दिया है। यशोदा देवी आजसू पार्टी की उम्मीदवार थीं, जिन्हें एनडीए के घटक दलों ने समर्थन दिया था। जीतने वाली बेबी देवी राज्य की हेमंत सोरेन सरकार में मद्य एवं उत्पाद निषेध मंत्री हैं। विधायक बनने से पहले ही सोरेन ने उन्हें कैबिनेट में जगह दी थी। मंत्री पद बरकरार रखने के लिए उनका यह चुनाव जीतना अनिवार्य था। बेबी देवी मौजूदा झारखंड विधानसभा की 12वीं महिला विधायक होंगी। 82 सदस्यीय विधानसभा के इतिहास में झारखंड में महिला विधायकों की संख्या सबसे अधिक है।

सीएम ने दी बधाई

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बेबी देवी को फोन पर जीत की बधाई दी। इधर, बेबी देवी ने कहा है कि क्षेत्र के लोगों ने उनके पति स्व. जगरनाथ महतो को सच्ची श्रद्धांजलि दी गयी है। यह उनके दिवंगत पति और क्षेत्र के लोगों की जीत है। आपको बता दें कि इस सीट से विधायक और हेमंत सोरेन की सरकार में शिक्षा और मद्य निषेध एवं उत्पाद शुल्क मंत्री जगरनाथ महतो का मार्च महीने में निधन हो गया था। इस वजह से इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी। ये भी पढ़ें..धारा 370 पर कांग्रेस का रुख साफ, देश की हर आवाज सुनी जानी चाहिए,...

चार बार जीते थे जगरनाथ महतो

इस विधानसभा सीट से जगरनाथ महतो 2005 से लगातार विधायक थे। उन्होंने 2005 से 2019 तक लगातार चार बार जीत हासिल की थी। 5 सितंबर को हुए उपचुनाव (Dumri By-election) में इस सीट पर कुल 64.84 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। उपचुनाव में कुल छह उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें भारत की बेबी देवी और एनडीए की यशोदा देवी शामिल हैं। मैदान में अन्य उम्मीदवार एआईएमआईएम के अब्दुल मोबिन रिज़वी, निर्दलीय रोशन लाल तुरी, कमल प्रसाद साहू और नारायण गिरी थे। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)