रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे 160 देशों के प्रतिनिधि, 10 हजार पत्रकार करेंगे कवरेज

51

ayodhya-ram-temple-inauguration

Ayodhya- Pran Pratistha- अयोध्याः दुनिया भर में मौजूद भगवान श्रीराम भक्तों के लिए अब वह शुभ घड़ी बेहद करीब है जब राम जन्मभूमि पर रामलला विराजमान होंगे। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजन को विश्व व्यापी स्वरूप देने में लगा हुआ है। रामनगरी में 22 जनवरी 2024 को देश का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन होने जा रहा है।

बता दें कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह में दुनिया के 160 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से देशभर के विभिन्न मत, पंथ, सम्प्रदायों के प्रमुख संतों के अलावा विदेशों में रहने वाले हिंदू संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आमंत्रण भेजा जाएगा। ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों की माने तो रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में 136 सनातन परम्पराओं के 25 हजार हिंदू संतों को आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर 160 देशों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे। साथ ही विदेश में रहने वाले हिंदू अब राम मंदिर के लिए चंदा भी दे सकेंगे। जिसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (FCRA) के तहत आवश्यक अनुमति दे दी है।

ये भी पढ़ें..PM मोदी ने देश की पहली Rapid Train को दिखाई हरी झंडी, जानें ‘नमो भारत’ की खासियत

घर-घर जाकर लोगों को अयोध्या आने का देंगे निमंत्रण

विश्व हिंदू परिषद पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि से पूजित अक्षत एक से 15 जनवरी तक पूरे भारत के पांच लाख गांवों में वितरित किया जाएगा। इसके लिए नवंबर में बैठक होगी जिसमें सभी प्रांतों के पदाधिकारी शामिल होंगे देशभर से अयोध्या आएंगे। उक्त पदाधिकारी श्रीराम जन्मभूमि से पूजित अक्षत को अपने-अपने प्रांतों में ले जाएंगे। इसके बाद प्रांत की योजना के मुताबिक संगठन के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को अयोध्या आने का निमंत्रण देंगे।

दुनिया भर के 10 हजार पत्रकार करेंगे कवरेज

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अयोध्या आने वाले भक्तों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था भी करेगा। राम मंदिर के उद्घाटन से पहले 30 दिनों तक हर दिन एक लाख लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा अयोध्या में कई जगहों पर टेंट सिटी के निर्माण का काम भी चल रहा है। कार्यक्रम के लाइव टेलीकास्ट और कवरेज के लिए दुनिया भर से 10 हजार पत्रकार अयोध्या आएंगे। कार्यक्रम को कवर करने वाले पत्रकारों के लिए ट्रस्ट द्वारा पास जारी किये जायेंगे। इसके अलावा श्री राम मंदिर आंदोलन के दौरान रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों को भी प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। इसकी सूची तैयार कर ली गई है।

10,000 VVIP कार्यक्रम में होंगे शामिल

बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर के अभिषेक के समय पूरे भारत के प्रसिद्ध साधु-संतों के अलावा दुनिया भर के प्रतिष्ठित लोग भी शामिल हो रहे हैं. उन्हें 22 जनवरी 2024 को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में आमंत्रित किया जाएगा। इन विशिष्ट अतिथियों की सूची में डॉक्टर, फिल्म अभिनेता, खगोलशास्त्री, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न धर्मों के प्रमुख लोगों को शामिल किया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)