यूपी में भी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश, शोभा यात्रा में फेंके पत्थर

38

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में मोहम्मद वासिल मोहल्ले से यशवतरी मंदिर तक निकाली गयी शोभा यात्रा पर एक समुदाय विशेष के लोगों ने पत्थर फेंककर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की। इसमें एक व्यक्ति जख्मी हो गया। पुलिस ने मामले के एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष हरीश वर्द्धन ने बताया कि बीती रात को निकाली गयी शोभा यात्रा के दौरान एक समुदाय विशेष के शरारती तत्वों ने यात्रा में शामिल महिलाओं से छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया।

इसका विरोध यात्रा में चल रहे विनोद मौर्या ने किया तो शरारती तत्वों ने ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इससे तनाव की स्थिति बन गई। विनोद मौर्या घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहंची पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण किया। सभी लोगों को शांत कराते हुए यात्रा को गंतव्य की ओर रवाना करते हुए विनोद मौर्या को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटनास्थल पर पुलिस फोर्स तैनात कर पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें..केंद्र के खिलाफ कानूनी लड़ाई में केजरीवाल सरकार कहां खड़ी है?

घायल विनोद मौर्य के भाई टिंकू का आरोप है कि यात्रा के दौरान दूसरे समुदाय के मुन्ना खटपट नाम के युवक ने महिलाओं से छेड़छाड़ की, जिसका विरोध करने पर उसने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। दो पत्थर मेरे भाई विनोद को जा लगे और वह बेहोश हो नीचे गिर पड़ा। यात्रा में शामिल पुलिसकर्मियों ने भी किसी तरह पत्थर से अपने को बचाया। इसके बाद मौके पर पहंची पुलिस की अन्य टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। समय रहते अगर पुलिस नहीं पहुंचती तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)