देश Featured

Assam Flood: असम में बाढ़ का तांडव, लाखों लोग प्रभावित, पानी में डूबे 514 गांव

assam-flood गुवाहाटीः असम में बाढ़ (Assam Flood) की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, अभी भी राज्य के 11 जिलों के 1 लाख 21 हजार 247 से ज्यादा लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। हालांकि अब सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे आ गई है। जबकि बाढ़ के कारण कई नदियों के तटबंध टूट चुके हैं और सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। प्रशासन लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है। असम राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मंगलवार देरशाम जारी आंकड़ों के मुताबिक बाढ़ प्रभावित 11 जिलों में बजाली, बाक्सा, बरपेटा, बिश्वनाथ, दरंग, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, कामरूप (ग्रामीण), लखीमपुर, नलबाड़ी और तामुलपुर शामिल हैं। बाढ़ से 22 राजस्व सर्किल अंतर्गत 514 गांवों के 1 लाख 21 हजार 247 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से कुल 2389.63 हेक्टेयर फसल अभी भी प्रभावित है। ये भी पढ़ें..Datia Accident: दतिया में बड़ा सड़क हादसा, नदी में गिरा बारातियों से भरा ट्रक, 12 की मौत

कुल 713 लोगों ने राहत शिविरों में ली शरण

बाढ़ (Assam Flood) प्रभावितों के लिए नौ राहत शिविर बनाए गए हैं जबकि 106 राहत वितरण केंद्र खोले गए हैं। कुल 713 लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है। बाढ़ के कारण मंगलवार को बारपेटा जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बाढ़ से राज्य के कुल 84 हजार 697 पशुधन प्रभावित हुए हैं। इनमें बड़े जानवरों की कुल संख्या 40 हजार 391 और छोटे जानवरों की संख्या 24 हजार 748 है। 19 हजार 558 मुर्गियां भी प्रभावित हुई हैं। बाढ़ के कारण बक्सा और कामरूप (ग्रामीण) जिलों में कुल 40 कच्चे घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में छह मेडिकल टीमें अपनी सेवाएं दे रही हैं। बाढ़ प्रभावितों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। इसमें पशुओं के लिए 329.65 क्विंटल चावल, 60.15 क्विंटल दाल, 18.51 क्विंटल नमक, 1835.76 लीटर सरसों का तेल, 2179.89 क्विंटल गेहूं का भूसा शामिल है। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिये हैं। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)