Asian Games 2023: सेमीफाइनल में हारे पहलवान सुनील कुमार, अब कांस्य पदक के लिए पेश करेंगे चुनौती

0
19

Sunil-Kumar

Asian Games 2023: भारतीय पहलवान सुनील कुमार (Sunil Kumar) पुरुषों के 87 किग्रा सेमीफाइनल में ईरान के नासिर अलीज़ादेह से 1-5 से हार गए। अब वह आज एशियाई खेलों में कांस्य पदक के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगे। 24 वर्षीय खिलाड़ी ने इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन के पेंग फी के खिलाफ 4-3 से जीत दर्ज करने के बाद क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के सुखरोब अब्दुलखेव को 9-1 से हराया था।

अन्य स्पर्धाओं में, नीरज पुरुषों के 67 किग्रा 1/8 फाइनल में उज्बेकिस्तान के मखमुद बख्शिलोव के खिलाफ 3-5 से हार गए। वहीं ज्ञानेंद्र को भी 60 किग्रा 1/8 फाइनल में ईरान के मेयसम डालखानी से 1-7 से हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, विकास को 77 किग्रा क्वार्टर फाइनल में चीन के लियू रुई के हाथों टीएसयू (तकनीकी श्रेष्ठता) का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़ें..Aus vs Pak: वर्ल्ड कप से पहले लौटा मैक्सवेल का ‘तूफान’, पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई

भारत ने रचा इतिहास

गौरतलब है कि चीन के हांगझोउ में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2023 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। 11वें दिन भारत ने दो मेडल जीतकर इतिसाह रच दिया है। 11वें दिन तीरंदाजी के कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में ओजस देवताले और ज्योति वेन्नम ने गोल्ड मेडल जीता। इसी के साथ भारत ने एशियन गेम्स के एक संस्करण में सबसे ज्यादा मेडल जीतने का नया रिकॉर्ड बना दिया है।

बता दें कि एशियन गेम्स 2023 में भारत के अब 71 पदक हो गए हैं। यह एशियन गेम्स के एक संस्करण में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले एशियाई खेलों के एक संस्करण में भारत ने सर्वाधिक 70 पदक जीते थे। भारत ने यह रिकॉर्ड जकार्ता में आयोजित 2018 एशियन गेम्स में बनाया था। तब भारत ने 16 स्वर्ण, 13 रजत और 31 कांस्य पदक जीते थे। भारत ने 2023 एएशियन गेम्स में अब तक 16 स्वर्ण, 26 रजत और 29 कांस्य पदक जीते हैं। इसके साथ ही भारत ने एशियाई खेलों के एक संस्करण में सर्वाधिक पदक जीतने का नया रिकॉर्ड बना लिया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)