नई दिल्लीः कैबिनेट में संभावित फेरबदल की अटकलों के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने मंगलवार को 8 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और स्थानांतरण को मंजूरी दे दी। इसमें मिजोरम, गोवा, हरियाणा, त्रिपुरा, झारखंड, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है जबकि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय का तबादला हरियाणा किया गया है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार ये नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों का कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी। कर्नाटक, मिजोरम, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में चार नए राज्यपाल नियुक्त किये गये हैं। इनमें नरेन्द्र मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थावरचंद गहलोत को कर्नाटक, डॉ. हरि बाबू कंभमपति को मिजोरम, राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को हिमाचल प्रदेश और मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ेंः-मेडिकल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग का हब बनेगा यूपी, सीएम की मंजूरी के बाद केंद्र को भेजा गया प्रस्ताव
गोवा, हरियाणा, त्रिपुरा और झारखंड़ में चार राज्यपालों को स्थानांतरित किया गया है। इनमें मिजोरम के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई का तबादला कर उन्हें गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय का तबादला कर उन्हें हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को स्थानांतरित कर त्रिपुरा के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है। त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैंस को स्थानांतरित कर झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।