Home अन्य क्राइम भाभी की दूसरी शादी से नाराज देवर ने पति को चाकू से...

भाभी की दूसरी शादी से नाराज देवर ने पति को चाकू से गोदा, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: रोहिणी जिले के विजय विहार इलाके में भाभी की दूसरी शादी से नाराज होकर देवर ने उसके पति को चाकू से गोद डाला। जिसकी अस्पताल में हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और घटना के वक्त पहने कपड़े भी जब्त कर लिये हैं। आरोपित की पहचान विशाल यादव के रूप में हुई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि विजय विहार पुलिस को देर रात करीब सवा नौ बजे शनि बाजार, राजपूत प्रॉपर्टी विजय विहार फेज-वन स्थित एक घर के पास चाकू मारने की कॉल मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। गली में एक व्यक्ति जिसकी पहचान बाद में तुषार पाल खून से लथपथ हालत में पड़ा था। जिसको तुरंत बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तुषार की हालत गंभीर बताई।

पुलिस ने तुषार की पत्नी गौरी के बयान पर उसके पहले देवर विशाल यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने गली और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी कब्जे में लिया। पुलिस टीम को आरोपित विशाल को पकड़ने का जिम्मा सौंपा गया। पुलिस टीम ने विशाल के घरवालों से उसके ठिकानों के बारे में पता किया। उसके कई ठिकानों पर छापेमारी करने के बाद उसको एक पुख्ता सूचना के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल तुषार की पत्नी गौरी से चार पांच महीने पहले ही शादी हुई थी।

गौरी की तुषार के साथ दूसरी शादी है। इससे पहले करीब तीन साल पहले उसकी विकास से शादी हुई थी। आरोपित विशाल विकास का छोटा भाई है। विकास से डेढ़ साल का लड़का भी है। पारिवारिक कलह के कारण विकास को गौरी ने छोड़ दिया था। वह तुषार के साथ शादी करके रहने लगी थी। इसी बात का गुस्सा विशाल में था। वह बार-बार गौरी को घर वापिस आने के लिए कहा करता था। अक्सर फोन पर उसको धमकाया करता था।

यह भी पढ़ेंः-कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडीस का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

वह बार-बार उसका पता पूछता रहता था, लेकिन वह डर के कारण उसको पता नहीं बता रही थी। रात नौ बजे जब वह घर पर अपने बेटे के साथ तुषार का ड्यूटी से आने का इंतजार कर रही थी। अचानक विशाल भी वहां पर आ गया। जब तुषार घर के पास ही था। अचानक उसको पकड़ लिया। उससे बहसबाजी व हाथापाई हुई। विशाल ने चाकू निकालकर तुषार के पेट में घोंप दिया। वह चिल्लाता हुआ खून से लथपथ हालत में गली में ही गिर गया। चिल्लाने की आवाज सुनकर वह और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। विशाल खून से सना चाकू लेकर फरार हो गया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)

Exit mobile version