अमित शाह आज त्रिपुरा में ‘जन विश्वास यात्रा’ को दिखाएंगे हरी झंडी

38
Home Minister Amit Shah on Indore Visit today, complete schedule
अमित शाह

नई दिल्लीः त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनावों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य में बीजेपी की जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। राज्य में दो जगहों से यात्रा की शुरुआत की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी की राज्य समिति ने दस दिग्गज नेताओं को प्रचारक के रूप में इस यात्रा में शामिल होने का प्रस्ताव दिया है।

ये भी पढ़ें..MP पंचायत चुनावः 63 हजार पंच, 200 सरपंच पद के लिए वोटिंग जारी

भारतीय जनता पार्टी त्रिपुरा राज्य में पार्टी को और अधिक मजबूत करने के लिए जन विश्वास यात्रा निकाल रही है। इसकी शुरुआत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। उत्तर त्रिपुरा में शुरू होने वाली जन विश्वास यात्रा धर्मनगर से आज करीब 12 शाह की मौजूदगी में शुरू होगी। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण त्रिपुरा से शुरू होने वाली रथ यात्रा को दोपहर 2.30 बजे सबरूम से अमित शाह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

बताया जा रहा है कि भाजपा की ‘जन विश्वास यात्रा’ राज्य के सभी 60 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। केंद्र और राज्य सरकारों की कल्याणकारी गतिविधियों को उजागर करने के लिए 200 रैलियां और 100 से ज्यादा जुलूस आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य 2018 के बाद से भाजपा सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों को प्रदर्शित करना है। भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में दशकों पुरानी सीपीआई सरकार को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। अपने सहयोगी दल आईपीएफटी के साथ 43 सीटें जीत कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। भाजपा ने 35 और आईपीएफटी ने 8 सीटें जीती थीं।

दरअसल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विमान ने बुधवार रात गुवाहाटी के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि अमित शाह को अगरतला जाना था, लेकिन घने कोहरे के कारण विमान अगरतला हवाईअड्डे पर नहीं उतर सका। एटीसी सूत्रों ने बताया कि इसके बाद विमान को गुवाहाटी के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की ओर डायवर्ट किया गया, जहां वह सुरक्षित उतरे। वहीं देर रात गुवाहाटी के एलजीबीआई एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने अमित शाह का स्वागत किया।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 में अभी करीब डेढ़ साल का वक्त बचा है, लेकिन भाजपा ने अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसकी कमान संभाली है केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने। अमित शाह अकेले जनवरी महीने में ही 11 राज्यों का दौरा करने वाले हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)