झारखंड में अमित शाह का चुनावी शंखनाद, कहा- पूर्ण बहुमत बनाएंगे सरकार

68
amit-shah

Amit Shah Ranchi Visit, रांची: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को रांची में झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार का बिगुल फूंका। यहां प्रभात तारा मैदान में आयोजित भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उन्होंने राज्य की मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार को उखाड़ फेंकने और भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया। अमित शाह ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस सरकार के भ्रष्टाचार, घोटाले और वादाखिलाफी के दस्तावेज पहुंचाएंगे।

हेमंत सरकार ने किया करोड़ों का घोटाला

Amit Shah ने कहा इस सरकार में एक हजार करोड़ का मनरेगा घोटाला, एक हजार करोड़ का खनन घोटाला, 300 करोड़ का जमीन घोटाला हुआ। झारखंड में कांग्रेस के एक सांसद के घर से तीन सौ करोड़ और हेमंत सरकार के एक मंत्री के पीए के घर से 30 करोड़ रुपये मिले। यह जनता से लूटा गया और भ्रष्टाचार के जरिए इकट्ठा किया गया पैसा है। बेशर्मी की पराकाष्ठा यह है कि कांग्रेस उस मंत्री को फिर से टिकट देने जा रही है जो जेल में है, जिसके पीए के घर से 30 करोड़ बरामद हुए।

सीएम हेमंत सोरेन पर किया जोरदार हमला

अमित शाह ने कहा कि हेमंत सोरेन के लिए आदिवासी कल्याण का मतलब सिर्फ अपने परिवार का कल्याण है। यह भाजपा ही है, जिसने आदिवासी के बेटे बाबूलाल मरांडी को राज्य का पहला सीएम बनाया। इतना ही नहीं आदिवासी बहन द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति तक पहुंची। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने संथाली को आठवीं अनुसूची में शामिल किया और पहली बार केंद्र में आदिवासी कल्याण मंत्रालय बनाया।

उन्होंने कहा कि आदिवासियों और दलितों के साथ पिछड़े वर्गों का सबसे ज्यादा ख्याल अगर किसी ने रखा है तो वह नरेंद्र मोदी की सरकार है। हमारी सरकार ने ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया। पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया और नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में 27 प्रतिशत पिछड़े वर्गों को जगह दी गई। देश में आज तक किसी सरकार ने ऐसा नहीं किया।

ये भी पढ़ेंः-Regional Industry Conclave 2024 का शुभारंभ करेंगे सीएम यादव, करोड़ों के निवेश के लिए तैयार मध्य प्रदेश

झारखंड में बनेगी भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार-शाह

अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार से पहले कांग्रेस ने 10 साल तक केंद्र में शासन किया, लेकिन उसने लगातार झारखंड की उपेक्षा की। कांग्रेस के 10 साल के शासन में झारखंड को विकास योजनाओं के लिए मात्र 84 हजार करोड़ रुपये दिए गए, जबकि नरेंद्र मोदी की सरकार ने पिछले दस साल में इस राज्य के विकास के लिए 3 लाख 84 हजार करोड़ रुपये दिए। झारखंड को भाजपा ने बनाया है और इसका विकास भी भाजपा ही करेगी।

झारखंड हमेशा से नक्सलवाद से ग्रस्त राज्य रहा है, लेकिन नरेंद्र मोदी ने दस साल में झारखंड और बिहार को नक्सलवाद से मुक्त कर दिया। झारखंड की जनता ने भी भाजपा को 14 में से 9 सीटों पर जिताया। यहां की 81 विधानसभा सीटों में से 52 पर भाजपा को बढ़त मिली। यह आंकड़ा दर्शाता है कि आने वाले चुनाव में राज्य में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री ने चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि चुनाव में हमारी जीत का आधार नेता नहीं, बल्कि बूथ कार्यकर्ता हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)