प्रदेश

Ranchi: कड़ी सुरक्षा के बीच अदा की गई बकरीद की नमाज, तैनात रहा सुरक्षाबल

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के विभिन्न मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा के बीच बकरीद की नमाज अदा की गई। इस दौरान रांची के विभिन्न चौक-चौराहों पर भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई। रांची के विभिन्न मस्जिदों, मकतबों, मदरसों और ईदगाहों में नमाज पढ़ा गया। सबसे पहले डोरंडा के न्यू पारसटोली स्थित अलफलाह मस्जिद में नमाज पढ़ी गई, जबकि अंतिम नमाज रांची ईदगाह में पढ़ी गयी।

राजधानी रांची में बकरीद को लेकर पुलिस पूरी तरह से रविवार सुबह से ही अलर्ट पर है। शहर के सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस विशेष रूप से नजर रख रही थी। पूरे शहर पर नजर रखने के लिए 170 जगहों पर सीसीटीवी लगाए गए थे। इसकी निगरानी करने के लिए 50 से अधिक जवानों को तैनात किया गया था।

ये भी पढ़ें..मुलायम सिंह की पत्नी साधना यादव को सीएम योगी ने दी...

कंपोजिट कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम का जायजा लगातार एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी की निगरानी कर रहे जवानों को अलर्ट रहने का भी आदेश दिया। रांची को 13 जोन में बांटकर तीन आईपीएस और 10 डीएसपी को सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है। 13 जोन में 104 जगहों पर सुरक्षा में तीन हजार अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। एसएसपी के अलावा सिटी एसपी अंशुमान कुमार शहर और ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ग्रामीण क्षेत्र की मानिटरिंग कर रहे थे।

दूसरी ओर जगन्नाथपुर रथ मेला और बकरीद को लेकर पुलिस ट्रैफिक रूट में कुछ बदलाव भी किया गया। राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार सभी जिलों में शांतिपूर्वक नमाज अदा की गयी। कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)