प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच अखिलेश ने साधा बीजेपी पर निशाना, कहा- स्वास्थ्य सेवाओं...

  लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। पूरा प्रदेश डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और अन्य संक्रामक बीमारियों की चपेट में है। प्रदेश में रोजाना सैकड़ों मरीज डेंगू का शिकार हो रहे हैं। राजधानी लखनऊ में ही पिछले एक पखवाड़े से हर दिन करीब दो दर्जन मरीज मिल रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में डेंगू बुखार जानलेवा हो गया है। लखनऊ में दो मरीजों की मौत हो गई। लोगों में दहशत है। राज्य के कई अन्य जिलों में भी स्थिति भयावह है। विभिन्न जिलों में बुखार से बड़ी संख्या में मरीजों की मौत हो रही है। मरीजों के खून की जांच में उनके प्लेटलेट्स कम होने की जानकारी आ रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि इस मौसम में मच्छरों के प्रकोप से कई बीमारियां फैल रही हैं। सब कुछ जानते हुए भी सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। अस्पतालों में लोगों के इलाज के लिए जरूरी इंतजाम नहीं हैं। डॉक्टर और बिस्तर नहीं है। राजधानी लखनऊ में भी फॉगिंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। फॉगिंग मशीनें कबाड़ में पड़ी हैं। फॉगिंग न होने से शहरों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्रियों को पार्टी के प्रचार के दौरान जनता के बारे में सोचने की फुर्सत नहीं है। सरकारी अस्पतालों में इलाज में काफी दिक्कतें आती हैं। पूरा इलाज नहीं मिलने के कारण मरीज निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने को मजबूर हो रहे हैं। भाजपा सरकार में स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा व्यवस्था सब चरमरा गई है। अस्पताल बुखार के मरीजों से भरे पड़े हैं। यह भी पढ़ें-वायुसेना के एयर शो में उमड़ी भीड़, अफरा-तफरी के बीच भीड़ ने छुड़ाए पसीने अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी नेता और मंत्री हवाई बयानों से सरकार चला रहे हैं। जनता के हित व कल्याण के लिए कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त जनता महंगे इलाज में लुट रही है। जनता को अब सिर्फ इस बात का इंतजार है कि 2024 में लोकसभा चुनाव कब होंगे। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)