Featured दुनिया

गोलियों की तड़तड़ाहट से फिर दहला अमेरिका, दो की मौत, दो घायल

हेंडरसनः अमेरिका में फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। वहीं ताजा गोलीबारी की घटना अमेरिका के पश्चिमी केंटुकी में हुई। इस वारदात में दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पश्चिमी केंटुकी में पुरुषों के आश्रय गृह में हुई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। हेंडरसन पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा कि हार्बर हाउस क्रिश्चियन सेंटर में एक शूटर के होने की सूचना पर अधिकारियों ने गुरुवार शाम को कार्रवाई की। हेंडरसन शहर के आयुक्त रॉबर्ट प्रुइट ने बताया कि गोलीबारी शाम लगभग सात बजकर 40 मिनट पर हुई और उस समय लगभग 15 लोग केंद्र के अंदर थे।

ये भी पढ़े..डोनाल्ड ट्रंप के आवास से बरामद 15 बक्सों में से 14 में गोपनीय दस्तावेज

पुलिस ने संदिग्ध की पहचान हेंडरसन के केनेथ बी. गिब्स के रूप में की और कहा कि उसे हिरासत में ले लिया गया है। हेंडरसन के पुलिस प्रमुख सीन मैक्किनी ने बताया कि आश्रय गृह में प्रत्यक्षदर्शियों ने गिब्स को शूटर के रूप में पहचाना और जब वह मिला तो उसके पास हथियार थे। हेंडरसन पुलिस लेफ्टिनेंट स्टीवर्ट ओ नान ने शुक्रवार को बताया कि घायल लोगों की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि गिब्स को हेंडरसन काउंटी जेल में रखा गया है।

हाल ही में इंडियाना के एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। दरअसल, इस पुलिस अधिकारी को ट्रैफिक स्पॉट पर एक कार को रोकना भारी पड़ गया। कार में सवार व्यक्ति ने बाहर निकलकर उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इससे पहले लॉस एंजिलिस में हुई फायरिंग की घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि सात लोग घायल हो गए थे। यह घटना लॉस एंजिलिस के एक पार्क में हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, पार्क में एक शो चल रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे दो लोगों की जान चली गई। घायल सात लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही थी। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, बाद में इलाज के दौरान दोनों गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों ने दम तोड़ दिया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)