प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

अखिलेश यादव ने कसा तंज, बोले-कितने भी इंजन लगा ले भाजपा, डिब्बे तो खाली ही हैं..

akhilesh-yadav

मैनपुरीः समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर शनिवार को एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने मैनपुरी में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा कह रही है कि 10 लाख करोड़ का निवेश आ रहा है तो 50 हजार करोड़ रुपये मैनपुरी को भी सरकार दे दे। सपा प्रमुख अखिलेष यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा कितने भी इंजन लगा ले, लेकिन डिब्बे तो खाली हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसान-व्यापारी को कुछ भी नहीं मिल रहा है, सच्चाई दिखाने वालों पर सरकार मुकदमे दर्ज करवा रही है। सभी मॉडलों को मैनपुरी वालों ने फेल कर दिया है। सैनिक स्कूल का बजट भी सरकार ने रोक दिया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के शासन काल में महंगाई चरम सीमा पर है। इस सरकार में न्याय मिलना भी मुश्किल है। मैं इरफान सोलंकी से मिलने गया तो उनकी जेल ही बदल दी गई और महाराजगंज जेल में ट्रांसफर कर दिया गया है। भाजपा समाज में शांति नहीं बल्कि नफरत की राजनीति करती है।

ये भी पढ़ें..Bharat Jodo Yatra: हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पहुंचे राहुल गांधी,...

सपा अध्यक्ष ने नगर निकाय चुनाव के सवाल पर कहा कि सपा का प्रदर्शन नगर निकाय चुनाव बहुत अच्छा होगा और हमारे लोगों की जीत होगी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेगी। उल्लेखनीय है कि यूपी में निकाय चुनाव की सरगर्मियां इन दिनों तेज हो गई है। सभी सियासी दलों में कार्यकर्ता टिकट पाने की जुगत में पार्टी नेताओं के पास घूम रहे हैं। ऐसे में उपचुनाव के बाद अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव निकाय चुनाव को लेकर भी काफी सक्रिय हो गए है। वह इन दिनों प्रदेश के जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को वह मैनपुरी पहुंचे हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)