UP Politics: अखिलेश यादव बोले-भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जनता को किया निराश

41
akhilesh-yadav

akhilesh-yadav

UP Politics: लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने एक बार फिर भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने जनता को निराश किया है। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव होगा। समाजवादी पार्टी के पास प्रदेश और देश को लेकर विजन है। विकास का मॉडल है। गरीबों को आगे बढ़ाने का जज्बा है। श्री यादव ने कहा है कि 23 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन की रूपरेखा तय होगी। यूपी में समाजवादी पार्टी मजबूती से भाजपा का मुकाबला कर रही है। सपा जमीन पर अपने कार्यकर्ताओं को तैयार कर रही है। संगठन को मजबूत करने में लगे है। पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार हर स्तर पर संघर्षरत है।

श्री यादव कहा कि समाजवादियों ने हमेशा पीड़ितों और गरीबों को न्याय दिलाया है। जनता को समाजवादियों से उम्मीद है। समाजवादी पार्टी अपनी पूरी ताकत के साथ भाजपा को सत्ता से हटाकर उसके अन्याय, अत्याचार से खत्म करेगी और जनता की उम्मीदों को पूरा करेगी। श्री यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा के खिलाफ थी। जनता ने भाजपा के विरोध और समाजवादी पार्टी के पक्ष में वोट किया था लेकिन भाजपा ने प्रशासनिक अधिकारियों और सत्ता का दुरूपयोग करके परिणाम अपने पक्ष में कराया जिससे जनता में भाजपा को लेकर बहुत नाराजगी है। यूपी और पूरा देश महंगाई, बेरोजगारी और भाजपा के दुरूपयोग से परेशान और पीड़ित है। यही जनता भाजपा को केन्द्र की सत्ता से बाहर करेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को हटाने को तैयार है। जनता भाजपा के खिलाफ वोट करेगी। जो दल भाजपा को हटाना और हराना चाहते है वे बड़े दिल के साथ समाजवादी पार्टी के साथ आयें। समाजवादी पार्टी का साथ और सहयोग दें। समाजवादी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ लड़ाई में समय-समय पर सभी दलों का साथ लिया है और उनको सम्मान दिया है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने सभी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर रखा है। धर्म के आधार पर भेदभाव करती है और नफरत फैलाती है। भाजपा निर्दोषों को फर्जी केस में फंसाती है जिससे दहशत फैले। भाजपा का काम झूठ तंत्र का मायाजाल फैलाना है।

ये भी पढ़ें..Weather Alert: राजस्थान में बिपरजॉय तूफान के चलते येलो अलर्ट जारी,…

श्री यादव ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में बिजली संकट के कारण इस भीषण गर्मी और लू में लोगों की जानें जा रही है। अस्पतालों में मौतें हो रही है। सरकार इलाज नहीं दे पा रही है। एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच पा रही है। भाजपा सरकार बलिया और देवरिया सहित अन्य जनपदों में बड़ी संख्या में गर्मी-लू से हुई मौतों को अपने झूठ तंत्र से नकार रही है। भाजपा सरकार इन मौतों के प्रति पूरी तरह से संवेदनहीन व्यवहार कर रही है। जनता के प्रति ऐसा क्रूर और निर्मम रवैया किसी सरकार में नहीं देखा गया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)