उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

CM योगी ने कहा- देश तोड़क जिन्ना से सरदार पटेल की तुलना शर्मनाक, माफी मांगें अखिलेश

मुरादाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भारत की एकता और अखंडता के शिल्पी सरदार पटेल की तुलना जिन्ना से करके शर्मनाक कार्य किया है। इसके लिए उन्हें देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। जिन्ना से सरदार पटेल की तुलना करना तालिबानी मानसिकता है। इस विभाजनकारी मानसिकता को जनता स्वीकार नहीं करेगी। मुरादाबाद में सोमवार को मुख्यमंत्री ने डॉ. बीआर अंबेडकर पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड और प्रधानमंत्री आवास योजना व डूडा शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। पुलिस लाइन में आयोजित आवास लोकार्पण और चाबी वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर करारे प्रहार किए।

ये भी पढ़ें..कोर्ट के आदेश के बाद सख्त हुआ प्रशासन, भारी मात्रा में पटाखे जब्त, दो गिरफ्तार

सीएम योगी ने अखिलेश पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार माफिया की संपत्ति पर बुलडोजर चलवा रही है तो नेताओं को बुरा लग जाता है। कानून से खिलवाड़ करने की किसी को छूट नहीं दी जा सकती। सपा अध्यक्ष का सरदार पटेल से जिन्ना की तुलना करने वाला बयान शमर्नाक है। सरदार पटेल देश की एकता और अखंडता के आधार है। भारत को एक सूत्र में पिरोने का श्रेय सरदार पटेल को जाता है। विरोधियों ने देश तोड़ने वाले जिन्ना को महिमामंडित करने का कार्य किया है। इसके लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

https://twitter.com/AHindinews/status/1455062298096115720?s=20

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को जातिवाद के नाम पर तोड़ने वालों के मंसूबे असफल हो गए हैं और वे अब महापुरुषों पर लांछन लगाकर समाज को अपमानित कर रहे हैं। प्रदेश में सभी को बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। पिछली सरकारों में त्योहारों पर बिजली नहीं आती थी। पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य की सुविधाएं नहीं थी। मौजूदा सरकार प्रदेश के 24 करोड़ लोगों को परिवार का हिस्सा मानती है। केंद्र सरकार पूर्व प्रदेश सरकार को आवास योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को देने के लिए कह रही थी, लेकिन उस सरकार ने कोई सूची उपलब्ध नहीं कराई। अब लोगों को बिना भेदभाव के गृह प्रवेश योजना के तहत चाबी प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, पंचायत राज मंत्री भूपेंद्र सिंह, मंत्री बलदेव ओलख, परिवहन मंत्री अशोक कटारिया आदि उपस्थित रहें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. बीआर अंबेडकर पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पूरी पारदर्शिता के साथ डेढ़ लाख पदों को भरा गया है। तकनीकी स्तर पर प्रशिक्षण देने का कार्य किया है। प्रशिक्षण केंद्रों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रदेश में फोरेंसिक साइंस में बढ़ोतरी हुई है। पासिंग आउट परेड में शामिल होने वाले पुलिस उपाधीक्षकों से मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधी विभिन्न तकनीकों का प्रयेाग कर अपराध कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस के सामने चुनौती बढ़ी है, जिसका डटकर मुकाबला करना है। परेड के साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस को 72 डिप्टी एसपी मिल गए। इसमें 17 महिला डिप्टी एसपी हैं। मुख्यमंत्री ने सुकन्या शर्मा को सर्वाेत्तम सर्वांग होने पर और आउटडोर में विवेक जावला को सर्वोच्च होने पर सम्मानित किया।

सपा सुप्रीमों ने कही थी ये बात

बता दें कि अखिलेश यादव ने यूपी के हरदोई जिले की एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि सरदार पटेल को जमीन की समझ थी। वह उसे समझ कर फैसला लेते हैं। इसलिए उन्हें आयरन मैन कहा जाता था। सपा प्रमुख ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और जिन्ना एक ही संस्था में पढ़े थे और बैरिस्टर बने थे। एक ही जगह पढ़े थे। वह बैरिस्टर बने और देश को आजादी दिलाई। वे किसी संघर्ष में पीछे नहीं हटे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)