Home उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार पर हमलावर हुए अखिलेश यादव, कहा-झूठे वादे करने में महारत...

भाजपा सरकार पर हमलावर हुए अखिलेश यादव, कहा-झूठे वादे करने में महारत हासिल

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार विज्ञापन में नम्बर एक, गवर्नेन्स में शून्य है। झूठे वादों में उसको महारत हासिल है। लेकिन अब जनता सच्चाई से भलीभांति परिचित हो गई है। उसको भाजपा और समाजवादी सरकारों का फर्क भी मालूम है। साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में जनता के आक्रोश और अपनी हार से डरी भाजपा में बौखलाहट के हालात हैं।

उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति पर भाजपा के झूठ अब जनता को स्वीकार्य नहीं है। भाजपा के छोटे-बड़े नेता दावे चाहे जितने करें पर सच्चाई यह है कि उनके राज में कहीं कोई सुरक्षित नहीं है। प्रशासन पूरी तरह पंगु है। महिलाएं अपमानित हो रहीं हैं। फेक एनकाउंटर और पुलिस हिरासत में मौतों का सिलसिला जारी है। राजधानी लखनऊ में भी अपराधी बेफिक्र हैं। दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट कर अपराधियों ने पुलिस को चुनौती दी और फरार हो गए। व्यापारियों से लूट की कई घटनाओं का अभी तक पर्दाफाश नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें-धान की बालियों से सजा मां अन्नपूर्णा का दरबार, 17 दिवसीय व्रत का हुआ समापन

अखिलेश यादव ने कहा कि किसान-मजदूर और नौजवान भाजपा राज में सर्वाधिक प्रताड़ित और अपमानित हैं। किसान की आय दोगुनी होना तो दूर की बात उनका धान भी एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा है। कई सरकारी क्रय केन्द्रों में ताला तक नहीं खुलता है। प्रदेश में निवेश आने के तमाम दावों का झूठ इसी से पता चलता है कि अभी तक कहीं कोई उद्योग नहीं लगा। एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ। नौजवानों को रोजगार नहीं मिला। सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार के चलते उनकी जिन्दगी अंधेरे में है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अब तक के कार्यकाल में लोगों की जिन्दगी और युवाओं के भविष्य के साथ सिर्फ खिलवाड़ हुआ है। महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ रखी है। महंगाई बढ़ी, कमाई घटी। इससे एक बड़ी आबादी के सपने टूट गए हैं। भाजपा राज जैसी अंधेर गर्दी कभी देखने को नहीं मिली। भाजपा सरकार की गलत नीतियों से आक्रोशित जनता सन् 2022 के चुनावों में उसको करारा जवाब देगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)

Exit mobile version