उत्तर प्रदेश Featured

आजम के समर्थन में अखिलेश ने निकाली साइकिल यात्रा, कहा-लोकतंत्र बचाने को बदलनी होगी सरकार

रामपुरः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश में पहले किसी सांसद पर इतने मुकदमे एक साथ दर्ज नहीं हुए, जितने आजम खान के खिलाफ हुए हैं। उन्होंने कहा कि आजम खान को फंसाया गया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने साल भर से जेल में बंद सांसद आजम खान के समर्थन में रामपुर में साइकिल यात्रा निकाली। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर संकट है। यदि लोकतंत्र को बचाना है तो पहले उत्तर प्रदेश को बचाना होगा और यह तभी होगा जब सरकार बदलेगी। श्री यादव ने कहा कि सरकार बदलने के लिए हमें बूथ स्तर तक मजबूत होना होगा। आजम को इसलिए फंसाया गया है, क्योंकि उन्होंने बच्चों का भविष्य संवारने के लिए यूनिवर्सिटी की स्थापना कराई।

उन्होंने आजम खान के आवास पर जाकर उनकी पत्नी से मुलाकात की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने मिशन 2022 के तहत और आजम खान की यूनिवर्सिटी के सम्मान में रामपुर से साइकिल रैली का आगाज किया। जनसभा स्थल पर आजम खान की पत्नी और बहू भी साथ में मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि हमने आमजन की सुरक्षा के लिए 100 नंबर चालू किया। जो न्यूयार्क से बेहतर थी, लेकिन उन्होंने 112 कर दिया। यादव ने कहा कि अब इस सरकार के ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। हमने जब-जब साइकिल चलाई है तो बड़ा बदलाव आया है। 2011 में साइकिल चलाई थी, तब सूबे की सरकार बदल गई थी और अब साइकिल चला रहे हैं तो मौसम भी बदल गया है। यह सरकार भी बदल जाएगी।

यह भी पढ़ेंः16 साल की लड़की ने ठुकराया शादी का प्रस्ताव तो टिकटॉक...

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि मुरादाबाद में हमारी सिक्योरिटी पर हमला हुआ और हमारे ऊपर हमला हुआ। हमारी लिफ्ट की लाइट बंद कर दी गई। मुरादाबाद में जो पत्रकार उल्टा हमले का आरोप लगा रहे हैं, वो भाजपा सरकार के इशारे पर हमलावर हुए। इस बात की जांच होनी चाहिए कि लिफ्ट की लाइट क्यों बंद हुई। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी मुख्यमंत्री पर हमला हुआ। देश की सारी संस्थाएं उनके पीछे पड़ी हैं। चुनाव हराने के लिए हर हथकंडा अपनाया जा रहा है, लेकिन जनता उनके साथ है। बंगाल में फिर ममता बनर्जी की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री के लाल टोपी पर की गई टिप्पणी पर बोलते हुए सपा मुखिया ने कहा कि समाजवादियों को कहा गया कि ये लाल टोपी वाले गुंडे हैं। उन्होंने कहा कि ये जो लाल टोपी वाले हैं, वह लोकतंत्र को बचाने वाले हैं। योगी का नाम लिए बगैर कहा कि जो बिना वाले हैं, वह लोकतंत्र को खत्म करने वाले हैं। यदि मुख्यमंत्री लाल टोपी लगा लें तो ज्यादा खूबसूरत दिखेंगे।