अखिलेश ने कहा- भगवान भरोसे चल रहा यूपी का स्वास्थ्य विभाग

0
28

Akhilesh targets UP health department

लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh yadav) ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग जियें या मरें। डेंगू बुखार और अन्य बीमारियों से हर दिन लोग मर रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार उदासीन है। अस्पतालों में डॉक्टर और दवाइयां नहीं हैं। समुचित इलाज और जांच की व्यवस्था न होने से लोगों की जान जा रही है, लेकिन यूपी सरकार बाहर प्रचार में व्यस्त है। स्वास्थ्य विभाग भगवान भरोसे चल रहा है।

हर दिन हो रहीं घटनाएं

मैनपुरी के बिछवां में नौ माह की गर्भवती महिला को इलाज नहीं मिला। माँ और बच्चे दोनों की मृत्यु हो गई। गुहार और मिन्नतों के बावजूद राजधानी लखनऊ के पीजीआई में भर्ती पूर्व बीजेपी सांसद की तड़प-तड़प कर जान चली गई। ऐसी एक-दो नहीं बल्कि हर दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं।

सरकारी अस्पतालों में समुचित इलाज और जांच नहीं होने से गरीब मरीजों की जान जोखिम में है। अस्पतालों में डेंगू बुखार और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज और तीमारदार कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। निजी अस्पतालों में आपदा में अवसर के सिद्धांत पर चलते हुए मरीजों के परिजनों से जबरन वसूली का खुला खेल चल रहा है। इस खेल में सरकार और अधिकारी शामिल हैं। डेंगू बुखार व अन्य बीमारियों से होने वाली मौतों का आंकड़ा अभी नहीं आया है।

ठेले पर शव ले जाने को मजबूर हैं लोग

भाजपा राज में अस्पतालों की दुर्दशा ऐसी है कि गंभीर मरीजों को समय पर इलाज तो दूर, स्ट्रेचर तक नहीं मिल पा रहा है। व्हील चेयर के लिए लोग भटकते रहते हैं। तीमारदार मरीजों को गोद में उठाकर ओपीडी तक ले जाते हैं। शव नहीं मिलने के कारण लोग ठेले, बाइक या कंधे पर शव ले जाने को मजबूर हैं। ऐसी घटनाओं के दृश्य सामने आने पर भी उन अस्पतालों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

इसमें कोई शक नहीं कि सरकारी संरक्षण में सरकारी अस्पतालों और निजी अस्पतालों की मिलीभगत और अनदेखी के कारण मरीजों की जान खतरे में है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाएं दम तोड़ रही हैं। भाजपा सरकार ने अभी तक एक भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल नहीं बनाया है।

यह भी पढ़ेंः-Shimla: शिमला-अमृतसर के बीच हवाई सेवा शुरू, जानें किराया

समाजवादी सरकार में मरीजों को लाने-ले जाने के लिए दी गई 102 और 108 नंबर एंबुलेंस सेवा बर्बाद हो गई है। समाजवादी सरकार में कैंसर, लीवर, किडनी आदि गंभीर बीमारियों के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई थी। भाजपा की द्वेषपूर्ण नीतियों के कारण गंभीर बीमारियों के इलाज की व्यवस्थाएं दम तोड़ रही हैं। भाजपा सरकार केवल समाजवादी कार्यों और उपलब्धियों का नाम बदलकर उन्हें अपना बताने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार के पास अपना कोई काम नहीं है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)