भाजपा सरकार का अखिलेश ने किया घेराव, बोले-यूपी में किसी की भी जिंदगी सुरक्षित नहीं

0
33

akhilesh-yadav

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपाराज में किसी की भी जिंदगी सुरक्षित नहीं है। अपराधी खुलेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा रहे है। हर रोज हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं घट रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार तो अपराधी या तो जेल में या राज्य के बाहर भाग गए है। फिर आखिर आपराधिक घटनाएं कौन और कैसे कर रहा है? जनता को धोखा कौन दे रहा है?

श्री यादव ने कहा कि भाजपा राज में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त करने की कहानी यह है कि राजधानी लखनऊ के इन्दिरानगर में विद्युत उपकेन्द्र में दिनदहाड़े तमंचा लगाकर लूट हो गई। झांसी जनपद में सब्जी विक्रेता को लाठी डंडो से पीटकर टमाटर की लूट हो गई। सोने-चांदी या रुपयों की लूट की जगह दबंग अब टमाटर भी लूटने लगे हैं। मेरठ के सरधना की पुलिस चौकी से ही पुलिसकर्मी की बाइक चोर चुरा ले गए।

श्री यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपाराज में तो अब भाजपाई भी मारे जाने लगे हैं। पांच साल में 21 सौ से ज्यादा गोवंश को कटान से बचाने वाला और 70 से ज्यादा गोकशों की गिरफ्तारी कराने वाला मेरठवासी गोरक्षक पुलिस सुरक्षा मांगता रहा शूटरों ने गोलियों से उसे छलनी कर दिया। दबंगों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि कानपुर में किदवईनगर में कॉलेज से घसीटकर लड़की की मांग भर दी गई। कुशीनगर से युवती को अगवाकर नेपाल में गैंगरेप के बाद बेच दिया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश के सीधी जिले की शर्मनाक घटना की तरह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक दलित युवक को चप्पल चाटने पर मजबूर किया गया। भाजपाई राज में दलित उत्पीड़न की यह कलंकित करने वाली घटना है। बहन-बेटियां सत्ता संरक्षित अपराधियों की शिकार हो रही है। कन्नौज में परीक्षा देने गई छात्रा का अपहरण कर रेप के बाद हत्या की गई। प्रतापगढ़ में पट्टी कोतवाली के एक गांव में रात को बाहर सो रहे एक वृद्ध को कुछ लोग उठा ले गए और उसे तालाब में डुबो कर मार डाला।

ये भी पढ़ें..Himachal Weather: हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट, 24 घंटे में…

श्री यादव ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि समाजवादी सरकार में कानून व्यवस्था और पुलिस रिस्पांस सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से लैस गाड़ियां वाली यूपी डायल 100 पुलिस सेवा शुरू की गई थी ताकि लोगों को तत्काल मदद मिल सके। भाजपा सरकार ने उसे 112 बनाकर बर्बाद कर दिया है। महिला अपराध नियंत्रण के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा शुरू की गई थी। भाजपा सरकार में जनता का उत्पीड़न हो रहा है। अब जनता समझ गई है कि बिना भाजपा सरकार को हटाये सुखचैन कतई नहीं मिलेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)