Featured राजनीति

अखिलेश बोले- बीजेपी सरकार ने रद्दी की सपा की सभी व्यवस्था

लखनऊः राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश मुख्यालय पर समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को दूसरे दिन भी लोक गायन, गीत और संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Former Chief Minister Akhilesh Yadav) ने सभी कलाकारों को नव वर्ष की शुभकामनाएं एवं बधाई दी और काफी देर तक समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के कलाकारों के गीत सुनते रहे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का सांस्कृतिक प्रकोष्ठ बहुत समृद्ध है। यह सेल आगामी लोकसभा चुनाव में जनमत तैयार करने में बड़ी भूमिका निभायेगा। अखिलेश ने सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के सभी कलाकारों से आह्वान किया कि वे प्रकोष्ठ के संयुक्त कार्यक्रम के जरिये पूरे प्रदेश में घर-घर जाएं, ताकि भाजपा सरकार से छुटकारा पाया जा सके। इस मौके पर पूर्व सांसद और हिंदी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में कलाकारों, लेखकों और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को यश भारती पुरस्कार से सम्मानित किया जाता था। उन्हें पेंशन देने की भी व्यवस्था की गयी। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही इसे रद्द कर दिया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने कला और संस्कृति का जो अपमान किया है, उससे आहत होकर सभी कलाकारों को अपनी गायकी से भाजपा के खिलाफ जनमत तैयार करना है और उसे सत्ता से बाहर करने के लिए जनता को जागरूक करना है। कलाकार अपने कार्यक्रमों के माध्यम से समाजवादी पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाकर लोकतंत्र को बचाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। इस बार लोकसभा चुनाव में पीडीए धर्म और जाति की लड़ाई से ऊपर उठकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार को हटायेगी। कलाकारों ने पूरी ताकत से अखिलेश यादव को दिल्ली तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जनता को उन पर भरोसा है। वह हर किसी की आशा का केंद्र हैं।' कार्यक्रम का संचालन समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोलंकी ने किया। समाजवादी पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के दर्जनों राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने समाजवादी पार्टी एवं समाजवादी आंदोलन से संबंधित गीत, संगीत एवं नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किये। सपेरों ने बांसुरी की धुन पर अपना नृत्य प्रस्तुत किया। यह भी पढे़ंः-Weather Update: यूपी में नहीं कम होगी शीतलहर, मौसम विभाग ने दी चेतावनी इस मौके पर बलराम यादव, राजेंद्र चौधरी और दुर्गा प्रसाद यादव, अभिषेक मिश्रा, (पूर्व कैबिनेट मंत्री) प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह और कनकलता सिंह, रविदास मेहरोत्रा विधायक, संग्राम सिंह यादव विधायक, विधायक आशु मलिक, आनंद माधव, जयशंकर पांडे पूर्व विधायक, लल्लन यादव व राकेश यादव गुड्डु पूर्व एमएलसी, मोहम्मद एबाद, वीरपाल सिंह यादव, इमाम टीला वाली मस्जिद समेत बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)