प्रदेश उत्तर प्रदेश

कानून व्यवस्था पर बिफरे अखिलेश, बोले-यूपी में भाजपा ने बुलडोजर से कायम किया जंगलराज

akhilesh-yadav लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने बुलडोजर से जंगलराज कायम कर दिया है। किसान तबाह है। कानून व्यवस्था चौपट है। महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बड़े मुद्दे हैं। जनता को भाजपा सरकार की विफलताओं के बारे में बताना है। सपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक फिर एक बार पहुंचाना जरूरी है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सभी 80 सीटों पर पराजित करना है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी के मीडिया सेल की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सांसद श्रीमती डिम्पल यादव भी उपस्थित थीं। बैठक में भाजपा की अलोकतांत्रिक साजिशों को काउण्टर करने की रणनीति पर विचार किया गया। श्री यादव ने कहा कि भाजपा की राजनीति विध्वंसकारी है। वह समाज में नफरत फैलाती है। महिलाओं का उत्पीड़न, हिरासत में मौतें भाजपा सरकार के माथे पर कलंक है। वह अपराधिक व्यवस्था को ताकत देती है। भाजपा शासनकाल में शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद है। उन्होंने कहा कि भाजपा भावनाओं के साथ खिलवाड़ करती रहती है। भाजपा रचनात्मक भूमिका अपनाने में असमर्थ है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। भाजपा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमलावर है। लोकतंत्र पर हमला भारत की स्वतंत्रता पर हमला है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के लिए संघर्षरत रही है। जातीय जनगणना की मांग इसलिए की जा रही है ताकि सबको समानुपातिक भागीदारी तथा सम्मान मिल सके। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होगी। बैठक में प्रवक्ताओं ने कहा कि समाजवादी सरकार का विकासकार्यों पर ध्यान था। युवाओं के भविष्य की चिंता थी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे मेट्रो रेल, कैंसर संस्थान, छात्रों को लैपटाप, 55 लाख गरीब महिलाओं को पेंशन, महिला अपराध नियंत्रण और सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा, प्रसूताओं को अस्पताल आने जाने के लिए 102 एम्बूलेंस सेवा, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के लिए 108 डायल एम्बूलेंस सेवा से लोग लाभान्वित हुए थे। भाजपा ने विकास के नाम पर सिर्फ शिलान्यास किए है। एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं किया। भाजपा ने सिर्फ समाजवादी सरकार के कामों पर अपनी मुहर लगाई है। भाजपा के इस झूठ को उजागर करना है। भाजपा की वादाखिलाफी की जानकारी दृढ़ता से जनता को देना है। ये भी पढ़ें..UP शिक्षा सेवा चयन आयोग के गठन को मंजूरी, कैबिनेट बैठक... प्रवक्ताओं का यह भी कहना था कि समाजवादी पार्टी के मुद्दे जनसापेक्ष है जबकि भाजपा का चरित्र जनविरोधी है। भाजपा के डबल इंजन के बाद भी विकास की गति पर कोई अन्तर नहीं आ सका। उत्तर प्रदेश ही देश का भविष्य तय करता है। इसलिए अब 2024 में इंजन का चालक बदलना ही होगा। उन्होंने कहा हमारे पास अखिलेश यादव के रूप में एक बेदाग नेतृत्व है जिन पर जनता का पूरा भरोसा है। इस भरोसे को हमें कायम रखना है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)