महंगाई को लेकर अखिलेश ने सरकार से पूछा सवाल, बोले-किसकी जेब में जा रहा मुनाफा?

0
8

akhilesh-yadav

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में महंगाई का अमृतकाल चल रहा है। चुनाव के समय भाजपा ने महंगाई को लेकर जनता से झूठा वादा किया। इनकी आर्थिक नीतियां पूरी तरह से विफल है। महंगाई को लेकर पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा की सरकार सत्ता में आई है, महंगाई निरन्तर बढ़ रही है। डीजल, पेट्रोल, गैस, रसोई गैस की कीमतें पहले से ही बढ़ी हुई है। भाजपा सरकार में पेट्रोलियम पदार्थों पर मिलने वाली सब्सिडी लगभग खत्म कर दी गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाने के बाद भाजपा ने खाद्य तेलों और दाल, चावल, आटा के दाम बढ़ा दिए। अब सब्जियों के आसमान छूती कीमतों ने जनता की कमर तोड़ दी है। लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता कराह रही है। भाजपा सरकार में जमकर कालाबाजारी हो रही है। सरकार को बताना चाहिए कि आखिर इस महंगाई का मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है?

ये भी पढ़ें..Rajya Sabha Election: राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए विदेश मंत्री…

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियां गरीब, किसान, मध्यमवर्ग विरोधी है। भाजपा की नीतियां पूंजीपतियों और चंद उद्योगपतियों के लिए है। बाकी आम जनता को भाजपा झूठे वादों के जरिए गुमराह कर रही है। भाजपा की गलत नीतियों से बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय और अत्याचार से आम जनता में निराशा है। जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया कर देगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)