सीतापुर: विपक्षी दलों के महागठबंधन (I.N.D.I.A.) में दरारें दिखने लगी हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस से नाराज हैं। उन्होंने कांग्रेस को धोखेबाज बताया है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पार्टी जिला अध्यक्ष छत्रपाल यादव के आवास पर मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस को अपने चिरकुट नेताओं से सपा के लिए बयान नहीं दिलवाना चाहिए। अगर उन्हें पता होता कि I.N.D.I.A. गठबंधन विधानसभा स्तर पर नहीं है तो वे कांग्रेस से बात नहीं करते।
यह भी पढ़ेंः-ऊर्जा मंत्री ने कहा- भ्रष्टाचार किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं,…
6 सीटों का दिया था आश्वासन
उन्होंने कहा कि I.N.D.I.A. गठबंधन की बैठक में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने रातभर चर्चा की। मध्य प्रदेश में कहां, कौन सी सीटों पर सपा जीती, कहां दूसरे नंबर पर रही, इसका डेटा लेने के बाद छह सीटों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया। तब सपा को एक भी सीट नहीं दी गई तो हमने वहां अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। गठबंधन पर उन्होंने कहा कि अगर ये सिर्फ लोकसभा में होगा तो इस पर विचार किया जाएगा। जैसा व्यवहार कांग्रेस ने सपा के साथ किया, वैसा ही उनके साथ भी किया जाएगा।
सपा ने जारी की दो सूचियां
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा ने दो सूचियां जारी की हैं। कुल 31 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये गये हैं। बुधवार को ही एक सूची जारी की गई है, जिसमें 22 उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। इससे पहले सपा ने पहली सूची में नौ उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)