अयोध्या, काशी के बाद अब मथुरा की बारी, सीएम योगी की है चुनाव लड़ने की तैयारी!

6199

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी के एजेण्डे में उत्तर प्रदेश के तीन महत्वपूर्ण स्थल अयोध्या, काशी और मथुरा हमेशा से रहे हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। अब राम लला टेंट में नहीं बल्कि गगनचुंबी मंदिर में रहेंगे। काशी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले दिनों बाबा विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का लोकार्पण कर शिवभक्तों को खुशी प्रदान की है। अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि दुनिया की नजरें मथुरा की ओर हैं। मथुरा इसलिए क्योंकि यह भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली है। यही वजह है कि भाजपा ने अब मथुरा की तैयारी शुरू कर दी है। आने वाले समय में मथुरा देश और दुनिया की सुर्खियों में रहेगा।

पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यूं ही नहीं कहा था कि अयोध्या -काशी की तैयारी है, अब मथुरा की बारी है। उत्तर प्रदेश में 2017 में भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार बनने के साथ ही इन स्थलों पर सक्रियता दिखने लगी थी। इस बार सियासी दलों की नहीं, बल्कि सरकार की सक्रियता रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रदेश के सभी जिलों में दौरों के साथ ही अयोध्या, काशी और मथुरा में खास मौजूदी देखी गयी। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 दिसंबर को 19वीं बार मथुरा पहुंचे। इस दिन उन्होंने कान्हा की नगरी मथुरा वृंदावन में भाजपा ब्रज क्षेत्र की जन विश्वास यात्रा को हरी झण्डी दिखाई। राजनीति के रणनीतिकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा से चुनाव लड़ेंगे तो इसका अलग संदेश जाएगा। पार्टी के मूल एजेण्डे को बल मिलेगा। यह मुद्दा उठेगा तो भाजपा को लाभ भी होगा।

यह भी पढ़ें-जन विश्वास यात्रा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले-बुंदेलखंड को प्यास रखने का पाप भुगत रही सपा

अयोध्या और काशी का दृश्य देख कर जनता के बीच भाजपा के प्रति भरोसा बढ़ा है। आम जन का मानना है कि भाजपा ने जो वादा किया, वह पूरा भी हुआ है। प्रदेश और देश के बड़ी संख्या में लोग या फिर यूं कहें कि अधिकतर लोग मथुरा का वृहद विकास चाहते हैं। इसलिए कृष्ण नगरी सुर्खियों में आएगी तो इसका लाभ भी भाजपा को मिलेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में इस मुददे को उठाने के लिए योगी का वहां से चुनाव लड़ना जरूरी है। चर्चा है कि इस बारे में संगठन की तरफ से योगी को अवगत भी करा दिया गया है। मुख्यमंत्री के मथुरा से चुनाव लड़ने से पश्चिम उत्तर प्रदेश ठीक से सधेगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)