Featured महाराष्ट्र

मंत्री नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद अब शिवसेना नेता के घर आयकर का छापा

मुंबईः महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद के अब आयकर विभाग की टीम शुक्रवार सुबह से शिवसेना नेता यशवंत जाधव के घर छापेमारी कर रही है। छापेमारी के समय शिवसेना नेता तथा मुंबई नगर निगम के स्थाई समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव तथा उनकी पत्नी शिवसेना विधायक यामिनी जाधव घर पर ही उपस्थित हैं। आयकर विभाग के अधिकारी सीआरपीएफ जवानों के साथ आज सुबह यशवंत जाधव के घर पहुंचे। फिलहाल उनके घर पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें..UP Elections: चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रतापगढ़ में अमित शाह-प्रियंका सहित कई बड़े नेताओं का लगेगा जमघट

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की टीम सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) की सुरक्षा में मुंबई के माझगांव इलाका स्थित बिलाखाडी इमारत में पहुंची थी। आयकर विभाग की टीम ने यशवंत जाधव से 15 करोड़ रुपये के स्रोत की जानकारी प्राप्त करना शुरू किया। आईटी टीम यशवंत जाधव के कंप्यूटर, मोबाइल फोन तथा अन्य कागजातों की छानबीन कर रही है।

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. किरीट सोमैया ने यशवंत जाधव पर फर्जी शैल कंपनी गठित कर 15 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया था और मामले की शिकायत संबंधित विभाग में की थी। इसी शिकायत के आधार पर आयकर विभाग ने यशवंत जाधव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
इसके बाद यशवंत जाधव ने आयकर विभाग को जवाब भेजा था उससे विभाग संतुष्ट नहीं हुआ। जिसके बाद उनसे पूछताछ की जा रही है।

बता दें कि कि ईडी ने जब नवाब मलिक को हिरासत में लिया था तो उसके बाद कांग्रेस, शिवसेना और एनसीबी ने इसके खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में यशवंत जाधव ने भी हिस्सा लिया था। दरअसल यशवंत जाधव स्थायी समिति के सदस्य हैं। वह लगातार भारतीय जनता पार्टी पर गुमनाम कंपनियों के जरिए पैसों की हेराफेरी का आरोप लगाते रहे हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)