प्रदेश उत्तर प्रदेश

भारत बंद को लेकर प्रशासन सतर्क, नजर बन्द किये गए सपा नेता

अम्बेडकर नगर: किसान संगठनों की ओर से मंगलवार को भारत बंद का ऐलान फीका है। समाजवादी पार्टी एवं अन्य पार्टियों द्वारा उन्हें समर्थन दिए जाने का कोई असर नहीं देखा जा रहा है। दुकानें खुली हुई और यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। बंद के आह्वान को देखते हुए जिला प्रशासन व पुलिस अलर्ट है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेताओं को सुबह होते ही घर के अंदर नजरबंद कर दिया गया है। पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा को उनके दहीरपुर स्थित घर पर ही रोक दिया गया है। उनके घर के सामने पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है तथा निकलने पर रोक लगा दी गई है। इसी प्रकार समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष रामसकल यादव के रामनगर स्थित घर पर भी पुलिस तैनात कर दी गई है।

यह भी पढ़ेंः-भारत बंदः अलर्ट पर मध्य प्रदेश सरकार, प्रशासन को दिए ये निर्देश

विधान परिषद सदस्य हीरालाल यादव के घर पर भी पुलिस तैनात है। वह घर के अंदर है या नहीं, इसका पता नहीं लग सका है। समाजवादी पार्टी के एकमात्र विधायक सुभाष राय के जलालपुर स्थित आवास पर भी पुलिस तैनात है। जिला मुख्यालय पर चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है तथा अधिकारी लगातार भ्रमण रहकर हालात का जायजा ले रहे हैं। ग्रामीण अंचलों में भी सब कुछ सामान्य देखा जा रहा है।