महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रियंका ने भाजपा को घेरा, कहा- सरकार बनी तो बहाल होगी पुरानी पेंशन स्कीम

0
24

धर्मशाला: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने देश में महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक व बागवानी संकट तथा सेना में अग्निपथ योजना लागू किए जाने को लेकर भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। शुक्रवार को हिमाचल के कांगड़ा स्थित नगरोटा-बगवां में ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली’ को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सिर्फ देवभूमि ही नहीं, वीरभूमि भी है। यहां की धरती ने इस देश को अनेक शहीद दिए। आज भी यहां के बेटे सरहद पर देश की रक्षा कर रहे हैं। लेकिन भाजपा ने अग्निपथ लाकर उनकी जीवन सुरक्षा छीन ली। युवा सोचते हैं कि वे देश की रक्षा करेंगे और देश उनकी रक्षा करेगा। लेकिन भाजपा कह रही है कि वे चार साल बाद आकर कहीं क्लर्क बन जाएं।

उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनती है तो अग्निपथ योजना रद्द की जाएगी। उन्होंने कांगड़ा के वीरों का जिक्र करते हुए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को भी याद किया और कहा कि मैं भी एक शहीद की बेटी हूं और आपकी बहादुरी व आपके जज्बे को समझती हूं।

ये भी पढ़ें..मनरेगा जाॅब कार्ड दिखाकर भी कर सकेंगे मतदानः जिला निर्वाचन अधिकारी

प्रियंका गांधी ने हिमाचल में भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा के राज में कोरोना किट, पुलिस भर्ती घोटाला और शिक्षक भर्ती में घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कुछ गारंटी लेकर आई है। अगर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो कैबिनेट की पहली बैठक में पुरानी पेंशन स्कीम बहाल की जाएगी। उसी बैठक में एक लाख युवाओं को नौकरी का ऐलान करेंगे और पूरे पांच साल में पांच लाख नौकरियां दी जाएंगी। सरकारी विभागों में खाली पड़े 63 हजार पद भरे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कहती है कि वह कर्मचारियों को पेंशन नहीं दे सकती, सैनिकों को पेंशन नहीं दे सकती, लेकिन एक के बाद एक सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों और निगमों को बेच सकती है। अपने बड़े-बड़े उद्योगपति मित्रों के 10 लाख करोड़ के कर्ज माफ कर सकती है लेकिन कर्मचारियों को पेंशन नहीं दे सकती। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारें पुरानी पेंशन दे रही हैं। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने पर हम यहां भी पुरानी पेंशन लागू करेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी को देखते हुए कांग्रेस सरकार प्रदेश की सभी महिलाओं को 1500 रुपये की मदद देगी। गांव गांव में मोबाइल क्लीनिक खोले जाएंगे। हर विधानसभा में चार अंग्रेजी स्कूल खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के रहते हिमाचल प्रदेश 70 हजार करोड़ के कर्ज में डूब गया है और जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। कांग्रेस सरकार जनता के हित में काम करेगी।

रोजगार देने में नाकाम रही भाजपा सरकार: बाली

जनसभा को संबोधित करते हुए एआईसीसी सचिव और नगरोटा बगवां से कांग्रेस उम्मीदवार आरएस बाली ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि प्रियंका गांधी विकास पुरुष जीएस बाली की कर्मभूमि नगरोटा बगवां आई हैं। आरएस बाली ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा ने देश की भावनाओं को आहत किया है। राज्य में पंजीकृत नौ लाख से अधिक बेरोजगार युवा हैं। भाजपा डबल इंजन सरकार का दावा करती है, लेकिन यह नहीं बताएगी कि कितने व्यवसाय स्थापित किए गए और उन्होंने कितना रोजगार पैदा किया। अग्निवीर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज को चुप करा रही है। यह चुनाव जनता का भाजपा सरकार के खिलाफ है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)