प्रदेश पंजाब राजनीति

पंजाब की जीत पर बोले केजरीवाल, सरकार के काम से खुश हैं लोग

नई दिल्लीः आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ शनिवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता की और कहा कि जालंधर लोकसभा सीट के चुनाव के नतीजे आज आ गए हैं। इसमें आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली है। आम आदमी पार्टी के सुशील रिंकू ने 100 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। कांग्रेस पिछले 50-60 साल से जीत रही थी। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाकर जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि पंजाब में पिछले साल हमारी सरकार बनी थी। यह चुनाव करीब एक साल बाद हुआ है। किसी भी नई सरकार के लिए पहला साल सबसे कठिन होता है। पिछली सरकारों द्वारा किए गए गलत काम हमें विरासत में मिले हैं। इसके अलावा भी कई दिक्कतें थीं। उन समस्याओं को दूर करते हुए आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार ने सकारात्मक माहौल बनाया। केजरीवाल ने आगे कहा कि हमने पिछले साल पंजाब में 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। करीब सवा साल पहले आम आदमी पार्टी की जबरदस्त लहर थी। जालंधर लोकसभा सीट में 9 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। उस लहर में भी हम 9 विधानसभा सीटों में से सिर्फ 4 जीत पाए थे और 5 कांग्रेस के खाते में गए थे। यह कांग्रेस का इतना बड़ा गढ़ था कि आम आदमी पार्टी की लहर में भी कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में 5 सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन आज उन 9 विधानसभा क्षेत्रों में से 7 पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। हम सिर्फ जालंधर सेंट्रल और नॉर्थ सीटों पर थोड़ा पीछे हैं। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में पूरे पंजाब में 42 फीसदी वोट पड़े थे। लेकिन जालंधर में सिर्फ 28 प्रतिशत ही मिला, आज यह वोट प्रतिशत बढ़कर 34 प्रतिशत हो गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में हम चार विधानसभा सीटों शाहकोट, आदमपुर, फिल्लौर और जालंधर उत्तर में तीसरे नंबर पर थे। लेकिन आज हम इन 4 में से 3 सीटों पर जीत हासिल कर एक सीट पर दूसरे नंबर पर आ गए हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में हमें जालंधर सीट पर महज ढाई फीसदी वोट मिले थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जालंधर लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे आज आ गए हैं। पंजाब में करीब 14 महीने पहले बनी आम आदमी पार्टी की सरकार के कामों को लोगों ने मंजूरी दी है। हम धर्म और जाति की राजनीति नहीं करते हैं। हम चुनाव के दौरान पंजाब में स्थापित 580 मोहल्ला क्लीनिकों की गिनती कर रहे थे। वे स्कूल ऑफ एमिनेंस, जीरो इलेक्ट्रिसिटी बिल, इंफ्रास्ट्रक्चर के नाम पर वोट मांग रहे थे। हम व्यापारियों, किसानों और मजदूरों के कल्याण की बात कर रहे थे। यह एक अच्छा संकेत है कि लोग सकारात्मक राजनीति को पसंद कर रहे हैं। इसकी शुरुआत दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के साथ हुई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रामलीला मैदान से जिस काफिले की शुरुआत की थी, वह आज एक राष्ट्रीय दल के रूप में विशाल हो गया है। यह भी पढ़ेंः-Panchang 14 May 2023: रविवार 14 मई 2023 का पंचांग, जानें कब लग रहा है राहुकाल उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा में हमारे 92 विधायक हैं और दिल्ली विधानसभा में 63 विधायक हैं। इसके अलावा गुजरात विधानसभा में 5 और गोवा विधानसभा में 2 विधायक हैं। साथ ही आज से राज्यसभा में 10 सांसद और लोकसभा में एक सांसद हैं। राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद कोई ऐसी संवैधानिक संस्था नहीं है जिसमें हम हिस्सा न हों। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता घर से काम करें और अपनी जेब से खर्च करें, यह उनकी जीत है। सीएम अरविंद केजरीवाल जी ने पंजाब को काफी समय दिया, यह उनकी जीत है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)