एमसीडी उपचुनाव: आप ने लहराया परचम, बीजेपी का नहीं खुला खाता, कार्यकर्ता बोले- ‘जय श्री राम’

118

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नगर निगम उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने अपना परचम लहराया है। उसने पांच में से चार सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं भारतीय जनता पार्टी अपना खाता नहीं खोल पाई। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव के नतीजे बुधवार को आ गए हैं, जिसमें आम आदमी पार्टी ने चार सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस पार्टी के खाते में एक सीट गई है, जबकि भाजपा को कोई सीट नहीं मिल पाई।

उपचुनाव के परिणाम से आप के कार्यकर्ता उत्साहित हैं। इस जीत के बाद आप कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है. कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए- ‘हो गया काम, जय श्री राम’। वे इस चुनाव परिणाम को अपने लिए बेहतर संकेत के तौर पर देख रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी, रोहिणी-सी और शालीमार बाग नॉर्थ की सीटें अपने नाम किया है। जबकि कांग्रेस पार्टी ने बांगर वार्ड पर जीत दर्ज की है।

त्रिलोकपुरी से आम आदमी पार्टी के विजय कुमार ने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश को 4,986 वोटों के अंतर से हराया। वहीं, रोहिणी से आप उम्मीदवार राम चंदर ने भाजपा के राकेश को 2,985 वोटों से मात दी। इसी क्रम में शालीमार बाग से आप की उम्मीदवार सुनीता मिश्रा ने भाजपा की सुरभि राजू को 2,705 वोटों के अंतर से हराया है और कल्याणपुरी से आप उम्मीदवार धीरेंद्र कुमार ने भाजपा के सियाराम को 7,043 वोटों के अंतर से हराया।

इस जीत से के बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने खुशी व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट के जरिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को जीत की शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि दिल्ली की जनता अब भाजपा के शासन से दुखी हो चुकी है। अरविंद केजरीवाल की ईमानदार और काम करने वाली राजनीति को ही अगले साल होने वाले एमसीडी चुनाव में जनता जीत का ताज पहनाएगी।

यह भी पढ़ेंः-नकवी बोले- राहुल माफी मांगते थक जाएंगे, कांग्रेस के गुनाहों की गिनती खत्म नहीं होगी

इस उपचुनाव में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी पूरी ताकत लगाई थी। उन्होंने एक रोड-शो भी किया था। उपचुनाव बीते 28 फरवरी को हुए थे। गौरतलब है कि एमसीडी में फिलहाल भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है और आम आदमी पार्टी लगातार उसपर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती रही है।